साल 2025 में 10 करोड़ रुपये या इससे ज्यादा कीमत वाले लग्जरी घरों की बिक्री के मामले में दिल्ली-एनसीआर के शहर ने मुंबई को भी पीछे छोड़ दिया। जी हां, दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में पिछले साल 24,120 करोड़ रुपये के लग्जरी घरों की बिक्री हुई, जो साल 2024 की तुलना में 80 प्रतिशत ज्यादा है। रियल एस्टेट कंसल्टेंट 'इंडिया सॉथबीज इंटरनेशनल रियल्टी' और डेटा एनालिस्ट कंपनी सीआरई मैट्रिक्स द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में पिछले साल 21,902 करोड़ रुपये के घरों की बिक्री हुई। यानी, मुंबई की तुलना में गुरुग्राम में 2218 करोड़ रुपये की ज्यादा बिक्री हुई।
गुरुग्राम में लग्जरी घरों की बिक्री में 3 गुना बढ़ोतरी
आंकड़ों के मुताबिक, गुरुग्राम में 10 करोड़ रुपये और इससे ज्यादा कीमत वाले लग्जरी घरों की बिक्री साल 2025 में लगभग तीन गुना होकर 1494 यूनिट पर पहुंच गई, जो 2024 में सिर्फ 519 यूनिट रही थी। कीमत के आधार पर बिक्री 2024 के 13,384 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025 में 24,120 करोड़ रुपये हो गई। रिपोर्ट कहती है, ''मुंबई पारंपरिक रूप से देश का सबसे महंगा रियल एस्टेट बाजार रहा है, लेकिन 2025 के दौरान 10 करोड़ रुपये और उससे ज्यादा कीमत वाले लग्जरी घरों की कुल बिक्री की वैल्यू के मामले में गुरुग्राम उससे आगे निकल गया।''
द्वारका एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर भी जबरदस्त डिमांड
इंडिया सॉथबीज इंटरनेशनल रियल्टी की डायरेक्टर (एरिया) टीना तलवार ने कहा, '' खास बात ये है कि ये बढ़ोतरी अब सिर्फ पुराने प्रतिष्ठित इलाकों तक सीमित नहीं है। द्वारका एक्सप्रेसवे, गोल्फ कोर्स रोड और गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसे उभरते बाजार सामूहिक रूप से संरचनात्मक विस्तार को गति दे रहे हैं, जिसे बुनियादी ढांचे में सुधार, बेहतर परियोजनाओं की पेशकश और बेहतर संपर्क का समर्थन मिल रहा है।''
HNIs की संख्या में बढ़ोतरी
सीआरई मैट्रिक्स के को-फाउंडर और सीईओ अभिषेक किरण गुप्ता ने कहा कि पिछले दो सालों में लग्जरी सेगमेंट में लगभग 10 गुना बढ़ोतरी से खरीदारों का लगातार भरोसा, मजबूत पूंजी प्रवाह और उच्च संपदा वाले व्यक्तियों (HNI) की बढ़ती संख्या का संकेत मिलता है।
Latest Business News