दिल्ली में रहने वालों को महंगाई का एक और झटका लगा है। दरअसल, इनपुट गैस की लागत का प्रेशर बने रहने के कारण, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने CNG के दाम में इजाफा करने का फैसला किया है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड, 29 अगस्त को सुबह 6 बजे से अपने सभी GA में CNG की कीमत 3.89 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाएगी। इससे दिल्ली में CNG की नई कीमत 86.98 प्रति किलोग्राम होगी।
मई में भी IGL ने 2 रुपये बढ़ाया था दाम
बता दें कि इससे पहले 26 मई को इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने एक बार फिर सीएनजी की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। कंपनी ने सीएनजी के दाम में 2 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की, जिसके बाद दिल्ली में सीएनजी की कीमत 81.09 रुपये से बढ़कर 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
मई में 11 दिन में चार बार बढ़ी थी CNG की कीमत
खास बात यह है कि महज 11 दिनों के भीतर सीएनजी के दाम में यह चौथी बढ़ोतरी थी। इससे पहले 23 मई को IGL ने सीएनजी की कीमत में 1 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की थी। उस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी का भाव 80.09 रुपये से बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया था।
CNG में भारी संख्या में वाहन हैं निर्भर
सीएनजी के बढ़ते दाम का असर सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं है। दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद जैसे प्रमुख शहरों में बड़ी संख्या में वाहन सीएनजी पर चलते हैं। टैक्सी, कैब और ऑटो रिक्शा के अलावा कई निजी वाहन भी सीएनजी पर निर्भर हैं।
बढ़ती कीमत का जनता पर पड़ेगा दबाव
ऐसे में सीएनजी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। खासकर टैक्सी, कैब और ऑटो चालकों की रोजाना की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर उनकी कमाई पर पड़ सकता है। वहीं, सीएनजी से चलने वाली निजी गाड़ियों के मालिकों पर भी ईंधन का अतिरिक्त खर्च बढ़ेगा। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी वाहन चलाने वाले लोगों के लिए ईंधन का खर्च एक बड़ी चिंता बनता जा रहा है।
ये खबर अभी अपडेट हो रही है।
(इनपुट- PTI)
Latest Business News