लॉजिस्टिक सर्विस प्रोवाइडर डेल्हीवरी लिमिटेड ने अपना बिजनेस बढ़ाने के लिए करीब 1,400 करोड़ रुपये में ईकॉम एक्सप्रेस लिमिटेड का अधिग्रहण कर रही है। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी। डेल्हीवरी ने शेयर बाजार को दी एक सूचना में बताया कि उसने करीब 1,400 करोड़ रुपये कैश में ईकॉम एक्सप्रेस लिमिटेड में उसके शेयरधारकों से बहुसंख्यक हिस्सेदारी हासिल करने के लिए एक निश्चित समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। डेल्हीवरी लिमिटेड के बोर्ड ने इस सौदे को मंजूरी दे दी है। बोर्ड ने ईकॉम एक्सप्रेस और उसके शेयरधारकों के बीच शेयर खरीद समझौते के निष्पादन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के निष्पादन को मंजूरी दे दी है।
6 महीने में पूरी हो जाएगी डील
नियामकीय सूचना के मुताबिक, यह सौदा अगले छह महीनों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है। गुरुग्राम बेस्ड ईकॉम एक्सप्रेस का कारोबार वित्त वर्ष 2023-24 में 2,607.3 करोड़ रुपये रहा। जबकि उसके एक साल पहले यह 2,548.1 करोड़ रुपये था। डेल्हीवरी के एमडी और मुख्य कार्यपालक अधिकारी साहिल बरुआ ने कहा, ‘‘भारतीय अर्थव्यवस्था को लागत दक्षता, गति और लॉजिस्टिक की पहुंच में निरंतर सुधार की जरूरत है। हमारा मानना है कि यह अधिग्रहण हमें इंफ्रास्ट्रक्चर, प्रौद्योगिकी, नेटवर्क और लोगों में निरंतर साहसिक निवेश के माध्यम से दोनों कंपनियों के ग्राहकों को बेहतर सेवा देने में सक्षम बनाएगा।’’
दोनों कंपनियों को होगा फायदा
ईकॉम एक्सप्रेस के फाउंडर के सत्यनारायण ने इस अधिग्रहण पर कहा, ‘‘डेल्हीवरी भारत के अग्रणी लॉजिस्टिक्स सर्विस प्रोवाइडर्स में से एक है। उसके पास बड़े पैमाने पर परिचालन के लाभ हैं और यह ईकॉम एक्सप्रेस के विकास के अगले चरण के लिए आदर्श शेयरधारक होगा।’’ डेल्हीवरी के निदेशक मंडल ने ईकॉम एक्सप्रेस की कम से कम 99.4 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दी है, जिसके लिए अधिकतम 1,407 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
Latest Business News