1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Swiggy Instamart ने महाशिवरात्रि पर डिलीवर नहीं किये नॉनवेज आइटम? सोशल मीडिया पर यूजर्स शेयर कर रहे स्क्रीनशॉट

Swiggy Instamart ने महाशिवरात्रि पर डिलीवर नहीं किये नॉनवेज आइटम? सोशल मीडिया पर यूजर्स शेयर कर रहे स्क्रीनशॉट

स्विगी इंस्टामार्ट महाशिवरात्रि पर सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से पवित्र तंदूल महाप्रसाद लड्डू डिलीवर कर रही है। कंपनी दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान, गोवा और मध्य प्रदेश के 40 शहरों में भक्तों को ये लड्डू पहुंचाएगी।

स्विगी इंस्टामार्ट- India TV Hindi
Image Source : FILE स्विगी इंस्टामार्ट

स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) ने बुधवार को ‘महाशिवरात्रि’ के मौके पर पुणे, दिल्ली, हैदराबाद और अहमदाबाद जैसे चुनिंदा शहरों में डिलिवरी के लिए अंडे, मांस और मछली सहित नॉनवेज आइटम्स को हटा लिया। यानी इन शहरों के लोग स्विगी इंस्टामार्ट पर नॉनवेज प्रोडक्ट्स के ऑर्डर नहीं दे पाए। इस क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के ऐप में ये प्रोडक्ट दिखाई ही नहीं दे रहे थे। हालांकि, कुछ शहरों में शाम तक डिलिवरी बहाल कर दी गई।

क्या है वजह?

सूत्रों ने कहा कि कुछ स्थानों पर डिलिवरी सामग्री की सूची से मांसाहारी उत्पादों को हटाने का निर्णय धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के लिए लिया गया था। क्योंकि स्विगी इंस्टामार्ट महाशिवरात्रि पर सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर से पवित्र तंदूल महाप्रसाद लड्डू डिलीवर कर रही है।

सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने जताई आपत्ति

इस बीच, कुछ यूजर्स ने इस कदम पर आपत्ति जताने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स का सहारा लिया और स्विगी इंस्टामार्ट पर ग्रॉसरी सेगमेंट से मांस, मछली और अंडे जैसे नॉन-वेज आइटम हटाए जाने के स्क्रीनशॉट शेयर किए। ‘महाशिवरात्रि’ पर सिर्फ़ स्विगी इंस्टामार्ट पर उपलब्ध तंदूल महाप्रसाद लड्डू, वही लड्डू हैं जिन्हें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में परोसा जाता है।

कंपनी ने क्या कहा?

कंपनी ने बताया कि स्विगी इंस्टामार्ट दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान, गोवा और मध्य प्रदेश के 40 शहरों में भक्तों को ये लड्डू पहुंचाएगी। स्विगी इंस्टामार्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) अमितेश झा ने कहा, ‘‘महाशिवरात्रि गहरी भक्ति का समय है और हमें अपने यूजर्स के घरों में यह आध्यात्मिक अनुभव लाने का सौभाग्य मिला है। इस शुभ अवसर पर भक्तों के लिए तंदूल महाप्रसाद का बहुत महत्व है और हम ऑथेंटिसिटी से समझौता किए बिना इन पवित्र प्रसाद को प्राप्त करना उनके लिए पहले से कहीं ज़्यादा आसान बना रहे हैं।’’

Latest Business News