हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से दिल्ली और धर्मशाला के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू होने जा रही हैं। शिमला से दिल्ली और धर्मशाला के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस इसी महीने से शुरू होंगी। बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर रोजाना फ्लाइट सर्विस शुरू करने के लिए अलायंस एयर के साथ एक सहमति पत्र (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। ये जानकारी पर्यटन और नागर विमानन निदेशक विवेक भाटिया ने सोमवार को दी।
मजबूत होगी रीजनल एयर कनेक्टिविटी
विवेक भाटिया ने बताया कि इस कदम का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देना और रीजनल एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। जिससे राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला और धर्मशाला के बीच एक डायरेक्ट एयर कनेक्टिविटी स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि शिमला से दिल्ली और धर्मशाला के बीच शुरू होने वाली इन सेवाओं में 48 सीटों वाले ATR 42-600 प्लेन का इस्तेमाल किया जाएगा। उन्होंने कहा, ''कमर्शियल ऑपरेशन्स अप्रैल, 2026 के आखिरी हफ्ते में शुरू होने की संभावना है।''
हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस साल जनवरी में किया था ऐलान
बताते चलें कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने इस साल जनवरी के आखिर में दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर रेगुलर फ्लाइट सर्विस शुरू करने के लिए हर साल 31 करोड़ रुपये की वित्तीय मदद देने की घोषणा की थी। हिमाचल प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया था कि ये फ्लाइट्स रोजाना ऑपरेट होंगी। उन्होंने कहा था कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए नौकरियां सृजित करने और स्वरोजगार के अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली होगी मजबूत
शिमला से दिल्ली और धर्मशाला के बीच डायरेक्ट फ्लाइट सर्विस शुरू होने से यात्रा का समय कम होगा, पहुंच में सुधार होगा और पर्यटकों और कारोबारियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा। प्रवक्ता ने कहा था कि शिमला और धर्मशाला के लिए भरोसेमंद हवाई सेवाएं उपलब्ध होने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली मजबूत होगी, गंभीर मरीजों को एयर रूट से जल्दी अस्पताल पहुंचाना संभव होगा और आपात स्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
Latest Business News