1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सरकारी कंपनी पेट्रोनेट के डायरेक्टरों को 5 साल और मिलेगा मुनाफे का 1-1 प्रतिशत कमीशन, कंपनी ने मांगी मंजूरी

सरकारी कंपनी पेट्रोनेट के डायरेक्टरों को 5 साल और मिलेगा मुनाफे का 1-1 प्रतिशत कमीशन, कंपनी ने मांगी मंजूरी

शेयरहोल्डरों ने इससे पहले सितंबर, 2021 में वित्त वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के लिए इस व्यवस्था को मंजूरी दी थी।

Petronet, Petronet LNG, Petronet LNG Directors, Petronet LNG Commission System, Government oil and g- India TV Hindi
Image Source : PETRONET LNG पेट्रोनेट के डायरेक्टरों को 5 साल और मिलेगा मुनाफे का 1-1 प्रतिशत कमीशन

देश की सबसे बड़ी गैस इंपोर्टिंग कंपनी पेट्रोनेट एलएनजी लिमिटेड ने अपने डायरेक्टरों को मुनाफे के आधार पर दिए जाने वाले कमीशन की व्यवस्था को 2026-27 से अगले 5 साल तक जारी रखने के लिए शेयरहोल्डरों की मंजूरी मांगी है। कंपनी के अगली आम बैठक के नोटिस के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक डायरेक्टरों को हर साल कंपनी के मुनाफे का अधिकतम 1 प्रतिशत कमीशन के रूप में दिया जा सकेगा। इस राशि का डायरेक्टरों के बीच बंटवारा बोर्ड द्वारा तय किया जाएगा। 

2007, 2011 और 2016 में इस तरह के प्रस्तावों को मिल चुकी है मंजूरी

शेयरहोल्डरों ने इससे पहले सितंबर, 2021 में वित्त वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक के लिए इस व्यवस्था को मंजूरी दी थी। इससे पहले भी 2007, 2011 और 2016 में इसी तरह के प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी ने कहा है कि उसकी मजबूत वित्तीय स्थिति को देखते हुए कमीशन की व्यवस्था को आगे जारी रखने का प्रस्ताव रखा गया है। 

सीईओ अक्षय कुमार सिंह को पिछले साल मिला था 26.5 लाख रुपये का कमीशन

वित्त वर्ष 2025-26 में पेट्रोनेट एलएनजी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ अक्षय कुमार सिंह और बाकी फुल टाइम डायरेक्टरों को 26.5-26.5 लाख रुपये का कमीशन मिला था। इससे पिछले वित्त वर्ष में ये राशि 25.5 लाख रुपये थी। अक्षय कुमार सिंह का कमीशन समेत कुल पारिश्रमिक वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 3.64 करोड़ रुपये हो गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 3.03 करोड़ रुपये था। 

वित्त वर्ष 2025-26 में पूर्णकालिक निदेशकों के लिए अधिकतम कमीशन 79.5 लाख रुपये था

कंपनी के स्वतंत्र निदेशकों (Independent Directors) को भी वित्त वर्ष 2025-26 में मुनाफे पर 10 लाख रुपये का कमीशन मिला। इसके अलावा उन्हें मीटिंग में हिस्सा लेने के लिए तय की गई फीस भी दी गई। पेट्रोनेट के अनुसार, वास्तविक रूप से दिया गया कमीशन वैधानिक सीमा से काफी कम रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में पूर्णकालिक निदेशकों (Full-Time Directors) के लिए अधिकतम कमीशन 79.5 लाख रुपये और स्वतंत्र निदेशकों के लिए 55 लाख रुपये था। इस तरह कुल अधिकतम सीमा 134.5 लाख रुपये थी। 

कमीशन की राशि कर-पूर्व लाभ की तुलना में बहुत मामूली

कंपनी ने कहा कि कमीशन की राशि कर-पूर्व लाभ (Profit Before Tax) की तुलना में बहुत मामूली है और कंपनी अधिनियम, 2013 में निर्धारित समग्र सीमा के भीतर है। वित्त वर्ष 2025-26 में पेट्रोनेट एलएनजी का शुद्ध लाभ 3843 करोड़ रुपये रहा, जबकि कंपनी का राजस्व 43,495 करोड़ रुपये था। इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 3926 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ और 50,980 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था।

ये भी पढ़ें

1 अक्टूबर से 8% तक महंगे हो जाएंगे AC, TV, वॉशिंग मशीन, डाइकिन ने 10% बढ़ाए एसी के दाम

Latest Business News