1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली गिफ्ट की घोषणा, गुजरात सरकार ने महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाया

सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली गिफ्ट की घोषणा, गुजरात सरकार ने महंगाई भत्ता 3 प्रतिशत बढ़ाया

गुजरात सरकार के मंत्री और प्रवक्ता जीतू वघाणी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में ये फैसला लिया गया।

government employees, gujarat, dearness allowance, dearness relief, diwali gift- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सरकारी कर्मचारियों के लिए दिवाली गिफ्ट की घोषणा

गुजरात के सरकारी कर्मचारियों को दीपावली से ठीक पहले दिवाली गिफ्ट की घोषणा हो गई है। गुजरात सरकार ने अपने सभी 4.62 लाख कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। राज्य सरकार ने इसके साथ ही, 5.07 लाख पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी का ऐलान किया है। राज्य सरकार के इस फैसले से 9.69 लाख से ज्यादा लोगों को लाभ मिलेगा। 

1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगा बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता

गुजरात सरकार के मंत्री और प्रवक्ता जीतू वघाणी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में ये फैसला लिया गया। केंद्र सरकार के फैसले के अनुरूप हुई ये बढ़ोतरी 1 जुलाई, 2026 से प्रभावी होगी। यानी गुजरात के सरकारी कर्मचारियों को अगले सैलरी में 1 जुलाई से लेकर अभी तक के एरियर का भी भुगतान किया जाएगा। बताते चलें कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने एक हफ्ते पहले केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में 3-3 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दी थी। 

नवंबर की सैलरी के साथ आएगा 4 महीने का बकाया

जीतू वघाणी ने गांधीनगर में मीडिया के साथ बातचीत में बताया कि जुलाई से अक्टूबर, 2026 तक के 4 महीने के बकाये का भुगतान नवंबर की सैलरी और पेंशन के साथ एकमुश्त किया जाएगा। महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का लाभ राज्य सरकार के विभागों, पंचायत सेवाओं और अन्य संगठनों के कर्मचारियों के साथ-साथ छठे और सातवें वेतन आयोग के तहत आने वाले रिटायर्ड कर्मचारियों को भी मिलेगा। 

राज्य सरकार पर पड़ेगा 1569 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ

गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघाणी ने बताया कि बकाये के भुगतान पर राज्य सरकार 523 करोड़ रुपये खर्च करेगी, जबकि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से हर साल लगभग 1569 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा।

पंजाब सरकार ने भी महंगाई भत्ते में की 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी

बताते चलें कि पंजाब सरकार ने भी आज ही अपने कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते और पेंशनर्स के लिए महंगाई राहत में बढ़ोतरी की घोषणा की। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3% की बढ़ोतरी का ऐलान किया। इस बढ़ोतरी के साथ राज्य के कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। पंजाब के करीब 8 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को सीधा लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़ें

I4C और CERT-In ने जारी की गंभीर चेतावनी, भारतीय बैंकों और फिनटेक कंपनियों पर AI आधारित साइबर हमले का खतरा

Latest Business News