1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Dollar Vs Rupee: आज रुपये ने लगाई लंबी छलांग, 1 डॉलर की कीमत ₹85 के नीचे लुढ़का, जानें ताजा रेट

Dollar Vs Rupee: आज रुपये ने लगाई लंबी छलांग, 1 डॉलर की कीमत ₹85 के नीचे लुढ़का, जानें ताजा रेट

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये में मजबूती का दौर जारी है। यह भारतीय अर्थव्यवस्था और आयतकों के लिए राहत की खबर है।

Dollar Vs Rupee- India TV Hindi
Image Source : FILE डॉलर बनाम रुपया

Dollar Vs Rupee: अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में मजबूती का दौर जारी है। मंगलवार को कारोबार के दौरान रुपया 27 पैसे मजबूत होकर 84.96 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। विदेशी निवेश बढ़ने और वैश्विक तनाव कम होने से रुपया मजबूत हुआ है। करेंसी एक्सपर्ट के अनुसार, भारत के मैन्युफैक्चरिंग और औद्योगिक उत्पादन दोनों में तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई, जो घरेलू मांग की स्थिति को दर्शाता है। इसके अलावा विदेशी निवेश में उछाल से घरेलू बाजारों में मजबूत तेजी ने भावनाओं को और बढ़ावा दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 85.06 पर खुला। फिर बढ़त के साथ 84.96 प्रति डॉलर पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 27 पैसे की बढ़त दर्शाता है। 

सोमवार को भी हुआ था मजबूत

रुपया सोमवार को 18 पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.23 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 99.18 पर रहा। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड 0.68 प्रतिशत चढ़कर 65.41 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर रहा। घरेलू शेयर बाजार में बीएसई सेंसेक्स 404.00 अंक की बढ़त के साथ 80,622.37 अंक पर जबकि निफ्टी 115.40 अंक चढ़कर 24,443.90 अंक पर रहा। 

विदेशी निवेशक बढ़ा रहे निवेश 

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को खरीदार रहे थे और उन्होंने शुद्ध रूप से 2,474.10 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। भारत की औद्योगिक उत्पादन वृद्धि फरवरी में मासिक आधार पर मामूली रूप से बढ़कर मार्च 2025 में तीन प्रतिशत हो गई, जो इससे पहले फरवरी में 2.7 प्रतिशत थी। सोमवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। हालांकि, मार्च में वार्षिक आधार पर वृद्धि घटी है। मार्च 2024 में यह आंकड़ा 5.5 प्रतिशत था। सालाना आधार पर विनिर्माण, खनन और बिजली क्षेत्रों का प्रदर्शन खराब रहा। 

Latest Business News