1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. डोनाल्ड ट्रंप से आर-पार करने के मूड में एलन मस्क, अमेरिकी राष्ट्रपति के इस फैसले को बताया घिनौना और शर्मनाक

डोनाल्ड ट्रंप से आर-पार करने के मूड में एलन मस्क, अमेरिकी राष्ट्रपति के इस फैसले को बताया घिनौना और शर्मनाक

टेक अरबपति ने अपनी टीम, जिसे डोगे के नाम से जाना जाता है, के साथ लागत में कटौती के लिए 129 दिनों तक काम करने के बाद पिछले सप्ताह सरकार से अलग हुए थे।

Elon Musk and Donald Trump- India TV Hindi
Image Source : FILE एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। कुछ महीने पहले तक ट्रंप के सबसे करीबी रहे मस्क अब ट्रंंप सरकार के फैसलों को खुले तौर पर आलोचना कर रहे हैं। आपको बता दें कि एलन मस्क ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा समर्थित एक प्रमुख टैक्स एंड स्पेंडिंग बिल की कड़ी आलोचना की है और एक्स पर एक पोस्ट में इसे "घिनौना और शर्मनाक" कहा है।

मस्क ने ट्वीट कर विरोध जताया

मस्क की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ट्रंप ने सीनेट रिपब्लिकन से इस विधेयक को पारित करने का आग्रह किया है, जिसे उन्होंने "big, beautiful bill" कहा है। इस विधेयक को प्रतिनिधि सभा द्वारा पहले ही मंजूरी दे दी गई है। मस्क ने मंगलवार को एक्स पर लिखा, मुझे खेद है, लेकिन मैं इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकता। यह विशाल, अपमानजनक, बिल है। इसके लिए मतदान करने वालों पर शर्म आनी चाहिए। आप जानते हैं कि आपने गलत किया है। आप यह जानते हैं।

सरकारी खर्च कम करने में लगे थे मस्क 

टेक अरबपति ने अपनी टीम, जिसे डोगे के नाम से जाना जाता है, के साथ लागत में कटौती के लिए 129 दिनों तक काम करने के बाद पिछले सप्ताह अचानक सरकार से अलग होकर अपने बिजनेस पर फोकस करने का फैसला किया था। यह टिप्पणी सरकार छोड़ने के बाद ट्रंप के साथ उनकी पहली सार्वजनिक असहमति को दर्शाती है, इससे पहले उन्होंने योजना को "निराशाजनक" कहा था। मस्क का ट्रंप प्रशासन में कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो गया, हालांकि ट्रंप ने कहा कि "वह हमेशा हमारे साथ रहेंगे और हर तरह से मदद करेंगे"।

व्हाइट हाउस की ओर से आया जवाब 

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने मस्क की आलोचना को “राजनीतिक रूप से प्रेरित और तथ्यहीन” बताया। उन्होंने कहा कि यह बिल अमेरिकी जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है — जिसमें इन्फ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस और हेल्थकेयर से जुड़े अहम प्रावधान शामिल हैं। ऐसे में किसी अरबपति व्यवसायी द्वारा इसे केवल व्यक्तिगत दृष्टिकोण से 'घृणित' कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

Latest Business News