सरकारी तेल कंपनियों ने कहा कि देशभर में की गई गहन जांच में E20 पेट्रोल में नमी या क्लोराइड प्रदूषण के दावों की पुष्टि नहीं हुई है और इसकी क्वालिटी तय मानकों के भीतर पाई गई है। ये जांच हाल में मीडिया में आई खबरों के बाद तेज की गई थी, जिनमें 20 प्रतिशत इथेनॉल वाले E20 पेट्रोल में नमी और क्लोराइड पाए जाने की बात कही गई थी।
जांच में नहीं मिला किसी भी तरह के प्रदूषण का कोई ठोस प्रमाण
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने एक संयुक्त बयान में कहा कि पूरी सप्लाई चेन में की गई इस जांच से ये पुष्टि हुई कि E20 पेट्रोल की क्वालिटी लगातार निर्धारित मानकों के भीतर रही। तेल कंपनियों ने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी तरह के प्रदूषण का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है।
रिफाइनरी से लेकर पेट्रोल पंप तक पूरी सप्लाई चेन की हो रही है निगरानी
बयान के मुताबिक, रिफाइनरी से लेकर पेट्रोल पंप तक पूरी सप्लाई चेन में ई20 पेट्रोल की क्वालिटी की सख्त निगरानी की जा रही है। पेट्रोल पंपों पर रोजाना 8-12 बार पानी की मिलावट और घनत्व की जांच हो रही है और इसके साथ ही मोबाइल लैब से भी टेस्टिंग किए जा रहे हैं।
2 मामलों में उच्च स्तर पर मिला क्लोराइड
जांच में पेट्रोल के 100 से ज्यादा सैंपल में क्लोराइड स्तर 1 पीपीएम या उससे कम पाया गया। वहीं, डिस्टिलरी और खुदरा स्तर के सैंपलों में ये 3 पीपीएम से नीचे रहा, जो "कई सौ पीपीएम" के दावों के विपरीत है। पीपीएम (पार्ट्स पर मिलियन) का मतलब है कि किसी पदार्थ में किसी तत्व की मात्रा प्रति 10 लाख हिस्सों में कितनी है। निगरानी के दौरान केवल दो अलग-अलग मामलों में उच्च स्तर मिला, जिनमें तुरंत सप्लाई रोककर फ्यूल की जांच शुरू की गई।
जांच में अब तक पानी की मिलावट का कोई मामला नहीं आया सामने
देशभर के करीब 90,000 पेट्रोल पंपों पर टैंकों की जांच में अब तक पानी की मिलावट का कोई मामला सामने नहीं आया है। पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी कहा कि E20 पेट्रोल सुरक्षित है और कुछ दावों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। सरकारी तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं से पूरे भरोसे के साथ E20 पेट्रोल का इस्तेमाल जारी रखने की अपील की है।
ये भी पढ़ें
SBI को पहली तिमाही में हुआ ₹24,113 करोड़ का नेट प्रॉफिट, लोन इंटरेस्ट से हुई ₹46,992 करोड़ की इनकम
Latest Business News