A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 1 अप्रैल से महंगा हो जाएगा FASTag Annual Pass, नेशनल हाईवे का सफर हो जाएगा महंगा

1 अप्रैल से महंगा हो जाएगा FASTag Annual Pass, नेशनल हाईवे का सफर हो जाएगा महंगा

जब सड़क परिवहन मंत्रालय ने FASTag Annual Pass के बारे में नोटिफिकेशन जारी किया था, तभी इसकी कीमत में हर साल बदलाव करने का नियम भी बताया गया था।

FASTag, FASTag annual pass, FASTag annual pass price, FASTag annual pass fees, FASTag annual pass pr- India TV Hindi
Image Source : NHAI 1 अप्रैल से पहले खरीदे जाने वाले पास 3000 रुपये में ही मिलेंगे

FASTag Annual Pass Fees Hike: प्राइवेट गाड़ियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला फास्टैग एनुअल पास महंगा होने जा रहा है। फास्टैग एनुअल पास की सालाना फीस में 2.5 प्रतिशत यानी 75 रुपये की बढ़ोतरी होने जा रही है, जिसकी वजह से इसका चार्ज 3000 रुपये से बढ़कर 3075 रुपये हो जाएगा। बताते चलें कि सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने पिछले साल 15 अगस्त को फास्टैग एनुअल पास की शुरुआत की थी। फास्टैग एनुअल पास जारी होने वाली तारीख से एक साल या 200 ट्रिप के लिए (जो भी पहले हो) वैलिड रहता है। ये एनुअल देशभर के नेशनल हाईवे के लिए मान्य होता है, राज्य सरकार के अधीन आने वाले हाईवे पर साधारण फास्टैग अकाउंट से सामान्य रूप से टोल कटता है।

1 अप्रैल से पहले खरीदे जाने वाले पास 3000 रुपये में ही मिलेंगे

अधिकारियों ने बताया कि जब सड़क परिवहन मंत्रालय ने FASTag Annual Pass के बारे में नोटिफिकेशन जारी किया था, तभी इसकी कीमत में हर साल बदलाव करने का नियम भी बताया गया था। अधिकारी ने कहा, "ये बढ़ोतरी पूरे देश में हाईवे टोल की कीमतों में बदलाव के फॉर्मूले के हिसाब से की गई है, जो हर साल होता है। जो लोग इस महीने रिचार्ज करवा लेते हैं, वे इसे 3000 रुपये में खरीद सकते हैं।" हालांकि, जो लोग 1 अप्रैल से फास्टैग एनुअल पास खरीदेंगे, उन्हें 75 रुपये बढ़ाकर 3075 रुपये चुकाने होंगे। यानी, फास्टैग एनुअल पास की कीमत बढ़ने से 52 लाख लोगों पर असर पड़ेगा। लेकिन, राहत की बात ये है कि इसकी फीस में 2.5 प्रतिशत की मामूली बढ़त हो रही है।

कहां से खरीदे जा सकते हैं फास्टैग एनुअल पास

फास्टैग एनुअल पास सिर्फ राजमार्ग यात्रा ऐप (Rajmarg Yatra App) या NHAI/MoRTH की आधिकारिक वेबसाइट पर ही बेचे जाते हैं। भुगतान करने के दो घंटे के अंदर FASTag Annual Pass एक्टिवेट हो जाता है, जिसके कन्फर्मेशन के लिए आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एसएमएस भी भेजा जाता है। इसके साथ ही, ध्यान रखना होगा कि इस एनुअल पास के लिए किया गया भुगतान एकमुश्त और नॉन-रिफंडेबल है। किसी भी स्थिति में पैसे वापस नहीं मिलेंगे, चाहे आप पास का इस्तेमाल करें या नहीं। ये पास उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद है, जिन्हें बार-बार नेशनल हाईवे के रास्ते कहीं आना-जाना होता है।

Latest Business News