1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. भारत-अमेरिका ट्रेड डील का पहला स्टेज लगभग पूरा, पीयूष गोयल बोले- अब सिर्फ 'छोटे मुद्दे' ही बाकी

भारत-अमेरिका ट्रेड डील का पहला स्टेज लगभग पूरा, पीयूष गोयल बोले- अब सिर्फ 'छोटे मुद्दे' ही बाकी

पीयूष गोयल ने कहा कि समझौते को अंतिम रूप देते समय इस पर भी विचार किया जा रहा है कि अमेरिका में हुए कानूनी बदलावों को इसमें किस तरह से जगह दी जाएगी।

India-US Trade Deal, India-US Deal, Trade Deal, FTA, free trade agreement, piyush goyal- India TV Hindi
Image Source : PTI वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि भारत और अमेरिका ने प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले स्टेज के ज्यादातर प्रावधानों को अंतिम रूप दे दिया है और अब कुछ छोटे मुद्दों तक ही बातचीत केंद्रित है। मंत्री ने कहा कि अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल इस समझौते के पहले स्टेज को अंतिम रूप देने के लिए भारत में है। दोनों देश के बीच 2 से 4 जून तक ये बातचीत होगी। भारत और अमेरिका ने 3 फरवरी को इस व्यापार समझौते के पहले स्टेज के लिए रूपरेखा तय होने की घोषणा की थी। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, "लगभग सभी चीजें तय हो चुकी हैं। जैसा कि अमेरिकी राजदूत ने भी कहा है कि 99 प्रतिशत मुद्दों पर सहमति बन चुकी है। अब सिर्फ छोटे-छोटे बिंदुओं पर चर्चा चल रही है।" 

कई अहम मुद्दों पर किया जा रहा है विचार

पीयूष गोयल ने कहा कि समझौते को अंतिम रूप देते समय इस पर भी विचार किया जा रहा है कि अमेरिका में हुए कानूनी बदलावों को इसमें किस तरह से जगह दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन मुद्दों के सुलझने के बाद दोनों देश बीटीए के पहले स्टेज को अंतिम रूप देकर जल्द ही उस पर हस्ताक्षर करेंगे। मंत्री ने कहा कि पहला स्टेज पूरा होने के बाद एक ज्यादा व्यापक व्यापार समझौते की दिशा में आगे की बातचीत शुरू की जाएगी। भारत और अमेरिका ने पिछले साल की शुरुआत में द्विपक्षीय व्यापार समझौते की दिशा में प्रयास शुरू किए थे। लेकिन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से भारतीय उत्पादों पर जवाबी टैरिफ लगाए जाने के बाद इसकी प्रगति बाधित हो गई थी।

भारत और ओमान के बीच आज से लागू हुआ मुक्त व्यापार समझौता

बताते चलें कि भारत और ओमान के बीच सोमवार, 1 जून से मुक्त व्यापार समझौता (FTA) लागू हो गया है। इस समझौते के तहत, भारत को ओमान के बाजार में 98.08 प्रतिशत टैरिफ लाइनों पर 100 प्रतिशत टैरिफ-फ्री पहुंच मिलेगी, जो कुल व्यापार मूल्य के 99.38 प्रतिशत हिस्से को कवर करती है। खासतौर पर कपड़े, कृषि उत्पाद, प्रोसेस्ड फूड, जेम्स और ज्यूलरी, ट्रांसपोर्ट कंपोनेंट्स और प्रीसिजन इंस्ट्रूमेंट्स के एक्सपोर्ट में बढ़ोतरी की संभावना है। पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-ओमान व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) से देश के अलग-अलग सेक्टरों में काम करने वाले घरेलू निर्यातकों को जबरदस्त फायदा होगा।

Latest Business News