GMR Airports ने दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्यूटी-फ्री शॉप (कस्टम शॉप) का परिचालन शुरू कर दिया है। राष्ट्रीय राजधानी का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। जीएमआर ग्रुप के नेतृत्व वाले गठजोड़ दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) द्वारा इसका संचालन किया जाता है। जीएमआर एयरपोर्ट्स ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘ कंपनी ने 28 जुलाई, 2025 को देर रात 12 बजे से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नई दिल्ली) पर ड्यूटी-फ्री दुकानों का परिचालन शुरू कर दिया है।’’
उच्च मुनाफे वाले गैर-वैमानिकी कारोबार में ज्यादा प्रॉफिट मिलने की उम्मीद
ड्यूटी-फ्री दुकानों (कस्टम शॉप) से कंपनी को खासकर उच्च मुनाफे वाले गैर-वैमानिकी कारोबार में ज्यादा प्रॉफिट मिलने की उम्मीद है। इससे पहले एक अन्य यूनिट इन दुकानों का संचालन कर रही थी। जीएमआर एयरपोर्ट्स पिछले साल अगस्त में ड्यूटी-फ्री संचालन के विकास, संचालन, प्रबंधन और रखरखाव के लिए चयनित बोलीदाता के रूप में उभरी थी। ये हैदराबाद, गोवा और कन्नूर एयरपोर्ट पर भी कस्टम शॉप का परिचालन करती है।
सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए कंपनी के शेयर
सोमवार को जीएमआर एयरपोर्ट्स के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। आज बीएसई पर कंपनी के शेयर 0.24 रुपये (0.27%) की गिरावट के साथ 89.66 रुपये के भाव पर बंद हुए। आज कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर 91.59 रुपये के इंट्राडे हाई से लेकर 89.13 रुपये के इंट्राडे लो तक पहुंचे थे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 103.70 रुपये और 52 वीक लो 67.75 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, जीएमआर एयरपोर्ट्स का मौजूदा मार्केट कैप 94,671.78 करोड़ रुपये है।
आज शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन भारी गिरावट
बताते चलें कि आज भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 572.07 अंकों (0.70%) की बड़ी गिरावट के साथ 80,891.02 अंकों पर बंद हुआ। इसी तरह, आज एनएसई का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 156.10 अंकों (0.63%) के नुकसान के साथ 24,680.90 अंकों पर बंद हुआ।
Latest Business News