अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मंगलवार को रुपये में गिरावट दर्ज की गई। इसका असर सोने और चांदी के भाव पर देखने को मिला। आपको बता दें कि अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 20 पैसे टूटकर 85.59 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। रुपये में कमजोरी का फायदा सोना और चांदी को हुआ। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 70 रुपये बढ़कर 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। चांदी की कीमत भी 100 रुपये बढ़कर 1,00,200 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी है। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपये बढ़कर 98,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। इस बीच, वैश्विक बाजारों में हाजिर सोना 25.22 डॉलर प्रति औंस या 0.75 प्रतिशत गिरकर 3,356.41 डॉलर प्रति औंस रह गया।
सोने की कीमतें कम हो रही
जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के उपाध्यक्ष, ईबीजी (जिंस और मुद्रा शोध) प्रणव मेर ने कहा कि सोने की कीमतें, मुनाफावसूली के कारण, कम हो रही हैं, लेकिन अमेरिकी डॉलर में व्यापक कमजोरी और रूस-यूक्रेन युद्ध बढ़ने, अमेरिका के शुल्क युद्ध के कारण बढ़ती आर्थिक अनिश्चितता के चलते सुरक्षित-निवेश वाली परिसंपत्तियों की मांग में वृद्धि के बीच अंतर्निहित पूर्वाग्रह सकारात्मक बना हुआ है। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा कि व्यापारी अब अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों, जैसे कि जोल्ट्स जॉब ओपनिंग डेटा, प्रमुख फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) के सदस्यों के संबोधनों का इंतजार कर रहे हैं जो सर्राफा कीमतों को प्रभावित करेंगे।
वायदा बाजार में सोने के भाव में गिरावट
कमजोर हाजिर मांग के बीच वायदा कारोबार में सोने का भाव मंगलवार को 308 रुपये की गिरावट के साथ 97,645 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अगस्त में आपूर्ति वाले सोने का भाव 308 रुपये या 0.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97,645 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 15,987 लॉट के लिए कारोबार हुआ। विश्लेषकों ने सोने की कीमतों में गिरावट का कारण कमजोर वैश्विक संकेतों को बताया। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, न्यूयॉर्क में सोने का वायदा भाव 0.68 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,358.64 डॉलर प्रति औंस रहा।
Latest Business News