A
Hindi News पैसा बिज़नेस अभी और सस्ता होगा सोना-चांदी, इस हफ्ते भी Gold-Silver की कीमतों में जारी रह सकती है गिरावट

अभी और सस्ता होगा सोना-चांदी, इस हफ्ते भी Gold-Silver की कीमतों में जारी रह सकती है गिरावट

MCX पर चांदी के वायदा भाव में पिछले हफ्ते 5532 रुपये यानी 2.2 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी, जबकि सोने की कीमतों में 444 रुपये यानी 0.3 प्रतिशत की मामूली तेजी दर्ज की गई थी।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Paisa Image Source : PTI इस हफ्ते भी Gold-Silver की कीमतों में जारी रह सकती है गिरावट

Gold and Silver Price: इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। एक्सपर्ट्स ने कहा कि निवेशक अमेरिकी अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आंकड़ों जैसे महंगाई दर, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) और फेडरल रिजर्व की नीतियों पर खास नजर बनाए हुए हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, कारोबारी संभावित ब्याज दरों में कटौती का समय और गति समझने के लिए अमेरिका के श्रम संबंधी आंकड़े, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की बैठक के विवरण और फेड अधिकारियों के बयानों पर नजर रखेंगे।

पिछले हफ्ते MCX पर 5532 रुपये सस्ती हुई चांदी

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (ईबीजी, कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में और ज्यादा मजबूती देखने को मिल सकती है, लेकिन अमेरिका की जीडीपी पर आने वाले आंकड़े और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (PCE) मुद्रास्फीति आंकड़े और फेडरल रिजर्व के अधिकारी की टिप्पणी पर ध्यान केंद्रित होने से अस्थिरता बनी रहेगी। घरेलू बाजार में, मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी के वायदा भाव में पिछले हफ्ते 5532 रुपये यानी 2.2 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली थी, जबकि सोने की कीमतों में 444 रुपये यानी 0.3 प्रतिशत की मामूली तेजी दर्ज की गई थी। 

उम्मीद से मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों की वजह से प्रभावित हुई हैं कीमतें

एंजेल वन के उपाध्यक्ष प्रथमेश माल्या ने कहा, "फरवरी 2026 में सोने की कीमतों में गिरावट आई है, 13 फरवरी को कीमतें 1,80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर से घटकर लगभग 1,53,800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं।" उन्होंने कहा कि उम्मीद से ज्यादा मजबूत अमेरिकी रोजगार आंकड़ों ने निकट अवधि में दरों में कटौती की उम्मीदों को कम कर दिया है, जिससे पिछले हफ्ते सोने की कीमतों पर असर पड़ा है।

सर्राफा बाजार में भी गिरावट के साथ बंद हुए थे सोना और चांदी

बताते चलें कि पिछले हफ्ते शुक्रवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी की कीमत 13,500 रुपये यानी 5.03 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी, जो गुरुवार को 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी। इसके अलावा, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2400 रुपये यानी 1.5 प्रतिशत टूटकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

Latest Business News