1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold and Silver Rates: एक झटके में ₹4000 महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में भी जोरदार उछाल

Gold and Silver Rates: एक झटके में ₹4000 महंगी हुई चांदी, सोने की कीमतों में भी जोरदार उछाल

मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 3900 रुपये टूटकर 1,25,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

Silver Gold Rates, gold price silver price, today gold rate, today gold price, tanishq, gold price t- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY 3 दिनों में 13,000 रुपये गिरा था चांदी का भाव

Gold and Silver Price: बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिली। अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेजी की वजह से आज दिल्ली के सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी के भाव में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई। बुधवार को दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1500 रुपये की बढ़त के साथ 1,27,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। जबकि, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव भी आज 1500 रुपये बढ़कर 1,26,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोने के साथ-साथ आज चांदी की कीमतों में भी जोरदार तेजी देखी गई। बुधवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी का भाव 4000 रुपये की जोरदार उछाल के साथ 1,60,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया।

3 दिनों में 13,000 रुपये गिरा था चांदी का भाव

बताते चलें कि मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई थी। बुधवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 3900 रुपये टूटकर 1,25,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। जबकि, चांदी का दाम 7800 रुपये गिरकर 1,56,000 रुपये प्रति किलो पर आ गया था। पिछले हफ्ते शुक्रवार से लेकर मंगलवार तक 3 कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमतों में 13,000 रुपये की भारी-भरकम गिरावट दर्ज की गई थी।

हाजिर सोने में लगातार दूसरे दिन तेजी

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बुधवार को सोने में तेजी आई, जिसे नए सिरे से सुरक्षित निवेश की मांग का समर्थन मिला, जबकि अमेरिकी श्रम बाजार में लगातार कमजोरी के संकेतों ने संभावित ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों को बनाए रखा।’’ वैश्विक मोर्चे पर, हाजिर सोने ने लगातार दूसरे सत्र में अपनी बढ़त जारी रखी और 46.32 डॉलर बढ़कर 4114.01 डॉलर प्रति औंस हो गया। 

हाजिर चांदी में 3.09 प्रतिशत की उछाल

कोटक सिक्योरिटीज की कमोडिटी रिसर्च एनालिस्ट कायनात चैनवाला ने बताया कि मंगलवार को सोना एक सप्ताह के निचले स्तर से उबरकर 4065 डॉलर प्रति औंस से ऊपर बंद हुआ। इसे अमेरिका में रोजगार के कमजोर आंकड़ों और कई विलंबित वृहद आंकड़ों से पहले सतर्कता का समर्थन मिला। विदेशी व्यापार में हाजिर चांदी 3.09 प्रतिशत बढ़कर 52.26 डॉलर प्रति औंस हो गई।

Latest Business News