1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price Today: सस्ता हुआ सोना, चांदी के भाव में भारी गिरावट- चेक करें आज की ताजा कीमतें

Gold Price Today: सस्ता हुआ सोना, चांदी के भाव में भारी गिरावट- चेक करें आज की ताजा कीमतें

आज चांदी की कीमतों में भारी-भरकम गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को चांदी का भाव 3000 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,12,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया।

gold, gold Price Today, Gold Rate Today, Gold Price Today, Silver Price Today, 18 carat gold price, - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK मंगलवार को चांदी की कीमत में दर्ज की गई भारी गिरावट

Gold Rate Today: स्टॉकिस्टों की ताजा बिकवाली के कारण मंगलवार को राजधानी दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 200 रुपये की गिरावट के साथ 99,370 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई। सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपये की बढ़त के साथ 99,570 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इसके अलावा, आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 200 रुपये घटकर 98,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि सोमवार को ये भी 200 रुपये की तेजी के साथ 99,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

मंगलवार को चांदी की कीमत में दर्ज की गई भारी गिरावट

हालांकि, आज चांदी की कीमतों में भारी-भरकम गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को चांदी का भाव 3000 रुपये की बड़ी गिरावट के साथ 1,12,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया। सोमवार को चांदी का भाव 5000 रुपये की छप्परफाड़ बढ़त के साथ 1,15,000 रुपये प्रति किलो के लाइफटाइम हाई पर पहुंच गया था। मेहता इक्विटीज के राहुल कलंत्री ने कहा, "सोने और चांदी में दिन के दौरान भारी उतार-चढ़ाव देखा गया, शुरुआत में इनमें तेजी आई, लेकिन बाद में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में उछाल आने के साथ ये अपने उच्चतम स्तर से नीचे आ गए।"

आज सोने के भाव में क्यों आई गिरावट

राहुल कलंत्री ने आगे कहा कि निवेशकों ने दिन में बाद में जारी होने वाले महत्वपूर्ण अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों से पहले मुनाफावसूली का फैसला किया ताकि सर्राफा कीमतों की दिशा का पता लगाया जा सके। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर सोना 20.62 डॉलर या 0.62 प्रतिशत बढ़कर 3,364.14 डॉलर प्रति औंस हो गया। अबन्स फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने कहा, "भू-राजनीतिक और व्यापारिक तनाव बढ़ने के बावजूद सोना सीमित दायरे में बना हुआ है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा मेक्सिको और यूरोपीय संघ से आयात पर 30 प्रतिशत टैरिफ़ की घोषणा के बाद सुरक्षित निवेश की मांग में मामूली बढ़ोतरी हुई है, हालांकि बातचीत की उम्मीदों ने तेज बढ़त को सीमित कर दिया है।"

Latest Business News