1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Price Today: सस्ता हो गया सोना, जानें कितना गिरा भाव, चेक करें आज की ताजा कीमतें

Gold Price Today: सस्ता हो गया सोना, जानें कितना गिरा भाव, चेक करें आज की ताजा कीमतें

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, "मंगलवार को सोने में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

Gold Price Today, Gold Rate Today, Gold Price Today, Silver Price Today, 18 carat gold price, 22 car- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK चांदी की कीमत में भी दर्ज की गई गिरावट

Gold Price Today: सोने की कीमतों में दो दिनों से जारी तेजी आज थम गई। मंगलवार को राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव 490 रुपये की गिरावट के साथ 96,540 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। जबकि, सोमवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 580 रुपये बढ़कर 97,030 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। इसी के साथ, आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 450 रुपये की गिरावट के साथ 96,130 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर पहुंच गई। सोमवार को 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने का भाव भी 580 रुपये बढ़कर 96,580 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

चांदी की कीमत में भी दर्ज की गई गिरावट

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, "मंगलवार को सोने में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध विराम के बारे में जारी आशावाद, साथ ही रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध विराम की उम्मीदें, सकारात्मक जोखिम भावना को बढ़ा रही हैं और सुरक्षित निवेश के लिए सोने की अपील को कमजोर कर रही हैं।" मंगलवार को चांदी की कीमतें भी 1000 रुपये गिरकर 97,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। जबकि पिछले कारोबारी सत्र में ये 98,500 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।

विदेशी बाजार में क्या है सोने का भाव 

सौमिल गांधी ने कहा कि फेडरल रिजर्व के एक अन्य सदस्य द्वारा उठाए गए आक्रामक रुख के बाद कारोबारी अमेरिकी केंद्रीय बैंक की भविष्य की ब्याज दरों में कटौती को लेकर अनिश्चित हैं, जिससे सोने की कीमतों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। विदेशी बाजार में हाजिर सोना मामूली रूप से बढ़कर 3233.68 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। कोटक सिक्योरिटीज में एवीपी-जिंस शोध कायनात चैनवाला ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रमुख टैक्स और व्यय पैकेज, जिससे अमेरिकी राजकोषीय घाटा और बढ़ सकता है, पर सदन में होने वाले मतदान से पहले तेज गिरावट सीमित रह सकती है। 

Latest Business News