1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. पिछले हफ्ते ₹3500 सस्ता हुआ सोना, चांदी के भाव में भी ₹6907 की बड़ी गिरावट- जानें इस हफ्ते कैसी रहेगी चाल

पिछले हफ्ते ₹3500 सस्ता हुआ सोना, चांदी के भाव में भी ₹6907 की बड़ी गिरावट- जानें इस हफ्ते कैसी रहेगी चाल

बाजार की नजर अमेरिकी गैर-कृषि रोजगार और बेरोजगारी के आंकड़ों पर रहेगी, जो अक्टूबर में फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले की उम्मीदों के लिए महत्वपूर्ण होंगे।

gold price, gold rate, silver price, silver rate, mcx- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY सोने-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते भी दिखेगा उतार-चढ़ाव

सोने और चांदी में इस सप्ताह भी उतार-चढ़ाव रहने की संभावना है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, अमेरिका के आर्थिक आंकड़े, पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की कीमतें सोने-चांदी की कीमतें तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी। बाजार की नजर अमेरिका के उपभोक्ता विश्वास, जीडीपी और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (पीसीई) महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी। यूरोजोन की मुद्रास्फीति, विनिर्माण पीएमआई, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के बयान और अमेरिकी रोजगार आंकड़े भी बाजार को दिशा देंगे। 

अमेरिकी रोजगार के आंकड़ों पर रहेगी खास नजर

एलकेपी सिक्योरिटीज के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट जतिन त्रिवेदी ने कहा कि बाजार की नजर अमेरिकी गैर-कृषि रोजगार और बेरोजगारी के आंकड़ों पर रहेगी, जो अक्टूबर में फेडरल रिजर्व के ब्याज दर संबंधी फैसले की उम्मीदों के लिए महत्वपूर्ण होंगे। 

पिछले हफ्ते MCX पर 2.3 प्रतिशत सस्ता हुआ था सोना

पिछले हफ्ते मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर की डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 3,500 रुपये यानी लगभग 2.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी का वायदा भाव भी 6,907 रुपये यानी 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2.34 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर रहा। वैश्विक बाजार में COMEX पर दिसंबर के डिलीवरी वाले सोने का वायदा भाव 103.7 डॉलर यानी 2.34 प्रतिशत गिरकर 4,321.2 डॉलर प्रति औंस और चांदी 2.35 डॉलर यानी 3.5 प्रतिशत टूटकर 64.80 डॉलर प्रति औंस रह गई। 

अमेरिका में 10 साल की ट्रेजरी यील्ड 2007 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंची

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी और करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा कि सोने पर दबाव सिर्फ मुद्रा बाजार से नहीं है। अमेरिका में 10 साल की ट्रेजरी यील्ड 2007 के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है, जबकि 30 साल की यील्ड 2004 के बाद के उच्चतम स्तर के करीब है। ऊंची दीर्घकालिक बॉन्ड यील्ड से आमतौर पर सोने और चांदी जैसे निवेश विकल्पों की मांग प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि कच्चे तेल का बाजार भी महत्वपूर्ण कारक रहेगा। 

सऊदी अरब और इराक से बढ़ी तेल सप्लाई ने कच्चे तेल की उपलब्धता बेहतर की

रूस और यूक्रेन की ओर से ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाए जाने के बावजूद सऊदी अरब और इराक से बढ़ी तेल सप्लाई ने इस महीने कच्चे तेल की उपलब्धता बेहतर की है और कीमतों पर दबाव डाला है। जानकारों के अनुसार, अमेरिकी रोजगार आंकड़े सोने के लिए अगली बड़ी परीक्षा होंगे। मजबूत रोजगार आंकड़े ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद को मजबूत कर सकते हैं, जिससे सोने की कीमतों पर दबाव पड़ने की संभावना है। वहीं, कमजोर रोजगार आंकड़ों से ऐसी उम्मीदें कम हो सकती हैं और कमजोर डॉलर के कारण सोने को समर्थन मिल सकता है। बताते चलें कि गांधी जयंती के कारण शुक्रवार, 2 अक्टूबर को कमोडिटी मार्केट बंद रहेंगे। 

ये भी पढ़ें

SBI में 180 दिनों की FD पर कितना मिलेगा ब्याज, वरिष्ठ नागरिकों को कितना मिलेगा रिटर्न

Latest Business News