1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सोने की कीमतों में इस हफ्ते भी जारी रह सकती है तेजी, पिछले हफ्ते 2.2% बढ़ा भाव

सोने की कीमतों में इस हफ्ते भी जारी रह सकती है तेजी, पिछले हफ्ते 2.2% बढ़ा भाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, पिछले हफ्ते कॉमेक्स गोल्ड वायदा 91 डॉलर यानी 2.2 प्रतिशत बढ़कर 4,187.30 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ।

gold price, gold price today, gold rate, gold rate today, mcx- India TV Hindi
Image Source : AFP सोने की कीमतों में इस हफ्ते भी तेजी की संभावना

सोने की कीमतें इस सप्ताह भी मजबूत बने रहने की संभावना है। निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में बढ़ोतरी के बारे में और संकेत पाने के लिए अमेरिका और अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के महत्वूपर्ण आर्थिक आंकड़ों पर नजर रखेंगे। कारोबारी अमेरिकी सेवा पीएमआई, व्यापार आंकड़े और साप्ताहिक बेरोजगारी दावों के साथ-साथ यूरो क्षेत्र, चीन, जापान और जर्मनी के महंगाई के आंकड़ों पर भी नजर रखेंगे। वैश्विक घटनाक्रम या कच्चे तेल की कीमतों में किसी भी बदलाव से कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

सोने की कीमतों को इस हफ्ते भी समर्थन मिलने की संभावना

जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी और करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा, ''घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने की कीमतों को समर्थन मिलने की संभावना है।'' मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी के लिए सोने के वायदा भाव में लगातार 4 सप्ताह की गिरावट के बाद तेजी आई। सप्ताह के दौरान ये 3,216 रुपये यानी 2.2 प्रतिशत बढ़कर लगभग 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। 

पिछले हफ्ते 6.2 प्रतिशत बढ़ी चांदी की कीमतें

एमसीएक्स पर सितंबर की डिलीवरी वाली चांदी का वायदा मूल्य 13,938 रुपये यानी 6.2 प्रतिशत बढ़कर 2.37 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया। एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च एनालिस्ट, कमोडिटी और करेंसी) जतीन त्रिवेदी ने कहा, ''कमजोर अमेरिकी डॉलर और ज्यादा बिकवाली स्तरों के बाद लिवाली के कारण इस सप्ताह सोने में सुधार आया। इससे लगभग एक महीने के लगातार कमजोर रुख के बाद सर्राफा की कीमतों को उबरने में मदद मिली।'' उन्होंने कहा कि महंगाई के दबाव में कमी, कच्चे तेल की कीमतों में स्थिरता और फेडरल रिजर्व के प्रमुख केविन वॉर्श की टिप्पणियों ने बाजारों को अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर फिर से आकलन करने के लिए प्रेरित किया है। 

कॉमेक्स पर 2.2 प्रतिशत महंगा हुआ सोना

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, पिछले हफ्ते कॉमेक्स गोल्ड वायदा 91 डॉलर यानी 2.2 प्रतिशत बढ़कर 4,187.30 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। जबकि, चांदी 3.14 डॉलर यानी 5.3 प्रतिशत बढ़कर 62.81 डॉलर प्रति औंस हो गई। प्रणव मेर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4,000 डॉलर प्रति औंस से नीचे बने रहने की कई नाकाम कोशिशों के बाद सोना शुरुआती गिरावट से उबर गया। सप्ताह के अंत में सकारात्मक रुख के साथ बंद हुआ। 

रूस-यूक्रेन तनाव ने भी सोने की मांग को दिया समर्थन

रूस और यूक्रेन के बीच नए तनाव ने भी सर्राफा की मांग को समर्थन दिया। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, केंद्रीय बैंकों ने मई में अपने रिजर्व में कुल 41 टन सोना जोड़ा। जतीन त्रिवेदी ने कहा कि हाल के निचले स्तरों के पास समर्थन मिलने के बाद सोने की कीमत स्थिर हो गई है। हालांकि ये अमेरिकी डॉलर, ट्रेजरी बॉन्ड प्रतिफल और आने वाले वृहद आर्थिक आंकड़ों में होने वाले बदलावों के प्रति बहुत संवेदनशील बनी रहेगी। 

ये भी पढ़ें-

चांदी की कीमतों में ₹5000 की जोरदार तेजी, सोना भी हुआ महंगा- जानें कहां तक पहुंचेंगे भाव

Latest Business News