1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. महंगा हुआ सोना, 1.60 लाख रुपये के पार पहुंची कीमतें, जानें चांदी के भाव में आज क्या हुआ बदलाव

महंगा हुआ सोना, 1.60 लाख रुपये के पार पहुंची कीमतें, जानें चांदी के भाव में आज क्या हुआ बदलाव

कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, कमजोर डॉलर और बॉन्ड यील्ड में आई गिरावट से आज सोने की कीमतों को सपोर्ट मिला।

gold price, gold price today, gold rate, silver price, silver price today- India TV Hindi
Image Source : PTI महंगा हुआ सोना

Silver and Gold Price: मंगलवार को सोने की कीमतें एक बार फिर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल के पार पहुंच गईं। कमजोर डॉलर और धारणा में आए सुधार की वजह से सोने के भाव में बढ़ोतरी देखने को मिली है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,500 रुपये की तेजी के साथ 1,60,300 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। सोमवार को सोने की कीमतें 1,100 रुपये की गिरावट के साथ 1,58,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी। जानकारों का मानना ​​है कि घरेलू कीमतों में ये उछाल कमजोर डॉलर और निवेशकों की नई दिलचस्पी के कारण आया है। 

आज चांदी की कीमतों में क्या हुआ बदलाव

मंगलवार को चांदी की कीमतें बिना किसी बदलाव के 2,55,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहीं। एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, ''मंगलवार को सोने की कीमतों में उछाल आया, जिसे कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, कमजोर डॉलर और बॉन्ड यील्ड में आई गिरावट से सपोर्ट मिला।'' उन्होंने कहा कि ईरान और इजराइल के एक-दूसरे पर हमले रोकने पर सहमत होने के बाद बाजार के मूड में सुधार आया। जबकि, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टिप्पणियों से औपचारिक युद्धविराम की दिशा में प्रगति के संकेत मिले, जिससे इस विवाद के कूटनीतिक समाधान की उम्मीदें बढ़ी हैं। 

भू-राजनीतिक तनाव कम होने से कीमतों को मिला सपोर्ट

सौमिल गांधी ने कहा, ''भू-राजनीतिक तनाव कम होने से ईंधन की वजह से होने वाली महंगाई को लेकर चिंताएं कम हुईं, जिससे हालिया गिरावट के बाद कीमती धातुओं को सहारा मिला। हालांकि, सुधार सीमित रहा, क्योंकि निवेशक अमेरिकी मॉनेटरी पॉलिसी के भविष्य पर विचार करते रहे।'' 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कैसा रहा सोने-चांदी का कारोबार

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, आज हाजिर सोना मामूली रूप से गिरकर 4,326.78 डॉलर प्रति औंस रह गया। जबकि, चांदी 68.28 डॉलर प्रति औंस पर थोड़ी ऊपर मजबूत हुई। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटी हेड प्रवीण सिंह ने कहा कि हाजिर सोना 4,330 डॉलर प्रति औंस के स्तर के आसपास नीचे ट्रेड कर रहा है क्योंकि कारोबारी पश्चिम एशिया की स्थिति के बारे में मजबूत संकेतों का इंतजार कर रहे हैं। इस बीच, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के साथ एक बेहतर समझौता जल्द ही होने वाला है।

Latest Business News