1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Rate Today (10 Sep): आज फिर महंगा हुआ सोना, ₹1.13 लाख पर पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड का भाव

Gold Rate Today (10 Sep): आज फिर महंगा हुआ सोना, ₹1.13 लाख पर पहुंचा 10 ग्राम गोल्ड का भाव

आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 250 रुपये बढ़कर 1,12,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

gold, gold Price Today, Gold Rate Today, Gold Price Today, Silver Price Today, 18 carat gold price, - India TV Hindi
Image Source : AP दिल्ली में सोने की कीमतों ने आज फिर बनाया नया रिकॉर्ड

Gold Price Today: बुधवार को राजधानी दिल्ली में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 250 रुपये बढ़कर 1,13,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गईं। वैश्विक स्तर पर केंद्रीय बैंकों की मजबूत खरीदारी, कमजोर डॉलर और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के चलते ये तेजी आई है। इस साल अब तक, सोने की कीमतों में 34,050 रुपये या 43.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। 31 दिसंबर, 2024 को सोने का भाव 78,950 रुपये प्रति 10 ग्राम था, जो आज बढ़कर 1,13,000 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, मंगलवार को सोना 5080 रुपये की तेजी के साथ 1,12,750 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया था।

आज क्यों महंगा हुआ सोना

आज 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 250 रुपये बढ़कर 1,12,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। अबांस फाइनेंशियल सर्विसेज के सीईओ चिंतन मेहता ने कहा, "सोना रिकॉर्ड ऊंचाई के आसपास कारोबार कर रहा है, जिसे अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के कमजोर होने से सहारा मिल रहा है, जो 7 हफ्तों के निचले स्तर पर आ गया है और आने वाले महीनों में ब्याज दरों में भारी कटौती की बढ़ती उम्मीदें भी इसे सहारा दे रही हैं।

चांदी की कीमतों में दर्ज की गई गिरावट

इस बीच, बुधवार को चांदी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर से 300 रुपये गिरकर 1,28,500 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। मंगलवार को चांदी की कीमतें 2,800 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी के साथ 1,28,800 रुपये प्रति किलो के नए लाइफटाइम हाई पर पहुंच गई थीं। इसी बीच, विदेशी बाजारों में हाजिर सोना 0.85 प्रतिशत बढ़कर 3,657.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। मंगलवार को ये 3,674.75 डॉलर प्रति औंस के नए शिखर पर पहुंच गया था।

अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की अटकलें तेज

वेंचुरा में कमोडिटी डेस्क और सीआरएम प्रमुख एन एस रामास्वामी ने कहा, "फ्रांस, जापान में नए राजनीतिक संकट और रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच सोने की कीमतें नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही हैं। इसके अलावा, शुक्रवार को उम्मीद से कमजोर अमेरिकी रोजगार रिपोर्ट के बाद ब्याज दरों में कटौती की अटकलें तेज हो गई हैं। हाजिर चांदी 0.88 प्रतिशत बढ़कर 41.23 डॉलर प्रति औंस हो गई।

Latest Business News