A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Gold Rate Today: डॉलर में गिरावट और टैरिफ वॉर के बीच सोने में तूफानी तेजी, कितने ऊपर जाएंगे भाव?

Gold Rate Today: डॉलर में गिरावट और टैरिफ वॉर के बीच सोने में तूफानी तेजी, कितने ऊपर जाएंगे भाव?

Gold rate today: सोने की कीमतों को ₹86,350 से ₹86,600 के लेवल्स पर महत्वपूर्ण प्रतिरोध देखने को मिल रहा है। यहां से ब्रेकआउट होता है, तो कीमतें 87,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं।

सोने का भाव- India TV Hindi
Image Source : FILE सोने का भाव

Gold Rate Today: सोने की कीमतें अपने रिकॉर्ड उच्च स्तर के आस-पास मंडरा रही हैं। यूएस डॉलर में तेज गिरावट और टैरिफ वॉर के बीच इस हफ्ते सोने की कीमतों में इजाफा हुआ है। एमसीएक्स एक्सचेंज पर शुक्रवार को सोने का वायदा भाव 85,820 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। यह इससे पिछले शुक्रवार के 84,202 रुपये के बंद भाव से 1,618 रुपये अधिक है। इस तरह एक हफ्ते में सोना 1,618 रुपये महंगा हो गया है। हालांकि, सोने का भाव इस समय ₹86,549 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर से ₹729 कम है।

रिकॉर्ड लेवल के आस-पास हैं भाव

इस हफ्ते सोने की कीमत ₹86,356 के साप्ताहिक उच्च स्तर को छूने के बाद ₹86,000 से नीचे बंद हुई। इस तरह सोने की घरेलू कीमतें लगातार रिकॉर्ड उच्च स्तर के आसपास मंडराती रहीं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमत $2,910 प्रति औंस पर बंद हुई, जो इससे पिछले शुक्रवार के $2,858 के बंद भाव से लगभग $52 अधिक थी। जबकि कॉमेक्स पर सोने की कीमत $2,914 प्रति औंस पर बंद हुई, जो इससे पिछले शुक्रवार के $2,862 प्रति औंस के बंद भाव से लगभग $52 अधिक है।

महत्वपूर्ण लेवल्स

केडिया एडवाइजरी के एमडी अजय केडिया के अनुसार, सोने की कीमतों को ₹86,350 से ₹86,600 के लेवल्स पर महत्वपूर्ण प्रतिरोध देखने को मिल रहा है। यहां से ब्रेकआउट होता है, तो कीमतें 87,500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक जा सकती हैं। कीमतें इस प्रतिरोध को तोड़ने में नाकामयाब रहीं, तो गिरावट भी देखने को मिल सकती हैं। हालांकि, 84,300 रुपये और उसके बाद 83,500 रुपये पर सपोर्ट रहेगा।

इन आंकड़ों पर रहेगी नजर

निकट भविष्य में सोने की कीमतों पर हावी होने वाले महत्वपूर्ण ट्रिगर्स के बारे में एसएस वेल्थस्ट्रीट की सुगंधा सचदेवा ने कहा, "निवेशक फरवरी के लिए अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों पर नजर बनाए हुए हैं। साथ ही उत्पादक मूल्य सूचकांक और साप्ताहिक बेरोजगारी क्लेम्स पर भी बारीकी से नजर रखेंगे। ये आर्थिक संकेतक सोने के लिए शॉर्ट टर्म मोमेंटम निर्धारित करने में मदद करेंगे। इसके अलावा, टैरिफ विवादों में कोई भी नया डेवलपमेंट सोने की कीमतों को आकार देने में एक महत्वपूर्ण उत्प्रेरक होगा।"

Latest Business News