1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 2064 होमबायर्स के लिए आई खुशखबरी, जल्द शुरू होगा फंसे हुए प्रोजेक्ट का काम, रेरा से मिली मंजूरी

2064 होमबायर्स के लिए आई खुशखबरी, जल्द शुरू होगा फंसे हुए प्रोजेक्ट का काम, रेरा से मिली मंजूरी

'श्री राधा स्काई गार्डन्स' प्रोजेक्ट के प्रोमोटरों से समझौता करने के बाद हवेलिया ग्रुप ने इस प्रोजेक्ट में को-प्रोमोटर बनने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से अनुमति मांगी थी।

Shri Radha Sky Gardens, SJP Infracon, Hawelia Group, housing projects, housing projects in greater n- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अमेरिकन पेंशन फंड देगी पैसा

रियल एस्टेट कंपनी हवेलिया ग्रुप ग्रेटर नोएडा में अटके हुए हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को पूरा करने के लिए 770 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। ये प्रोजेक्ट्स 22 एकड़ में फैले हुए हैं। हवेलिया ग्रुप को इस प्रोजेक्ट के लिए उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (RERA) से मंजूरी भी मिल गई है। हवेलिया ग्रुप द्वारा इस रुके हुए प्रोजेक्ट का काम संभालने से 2,000 से भी ज्यादा होमबायर्स को राहत मिलेगी, जिनका पैसा बीते कई सालों से फंसा हुआ है। हवेलिया ग्रुप ने साल 2023 में एसजेपी इन्फ्राकॉन के 'श्री राधा स्काई गार्डन्स' प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए उसके मौजूदा प्रोमोटरों के साथ समझौता किया था। 

प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए अमेरिकन पेंशन फंड देगी पैसा

'श्री राधा स्काई गार्डन्स' प्रोजेक्ट के प्रोमोटरों से समझौता करने के बाद हवेलिया ग्रुप ने इस प्रोजेक्ट में को-प्रोमोटर बनने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार से अनुमति मांगी थी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि उसे अब इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) से मंजूरी मिल गई है। कंपनी इस प्रोजेक्ट में 770 करोड़ रुपये का निवेश करेगी और निर्धारित समय सीमा के अंदर सभी 2,064 फ्लैट्स को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में 42 से 48 महीनों तक का समय लगेगा। अमेरिकन पेंशन फंड (वॉशिंगटन स्टेट इन्वेस्टमेंट बोर्ड) ने इस प्रोजेक्ट को फंड किया है और भारत में किसी पुराने अटके हुए प्रोजेक्ट में ये उनका पहला निवेश है।

कंपनी ने दिल्ली-एनसीआर में डेवलप किए हैं कई रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स

हवेलिया ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर निखिल हवेलिया ने कहा कि ये पहल लंबे समय से रुकी हुए प्रोजेक्ट्स को फिर खड़ा करने और घर खरीदारों में विश्वास बहाल करने की दिशा में कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। बताते चलें कि हवेलिया ग्रुप ने दिल्ली-एनसीआर में कई रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स डेवलप किए हैं। हवेलिया ग्रुप ने कहा कि ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी ने अपनी 133वीं बोर्ड मीटिंग में इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है और जुलाई 2024 में, अथॉरिटी ने दोनों डेवलपर्स के साथ एक जॉइंट डेवलपमेंट एग्रीमेंट (JDA) साइन किया, जिससे इस प्रोजेक्ट के रीकंस्ट्रक्शन और रिवाइवल का रास्ता साफ हो गया।

Latest Business News