अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने ब्लिंकिट के साथ एक खास पार्टनरशिप की है। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स ने बुधवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत की पहली 'इन-टर्मिनल' क्विक कॉमर्स सर्विस (मिनटों में सामान पहुंचाने) शुरू करने की घोषणा की। ये सर्विस वर्तमान में टर्मिनल-2 के घरेलू प्रस्थान क्षेत्र में शुरू हो गई है, जिसके माध्यम से ऐप बेस्ड डिलीवरी सर्विस को सीधे हवाई अड्डे के अंदर उपलब्ध कराया गया है। इस सुविधा के तहत यात्री ब्लिंकिट ऐप के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान मिनटों में मंगवा सकते हैं।
एयरपोर्ट के अंदर अलग-अलग जगहों पर डिलीवर होगा सामान
यात्रियों द्वारा ऑर्डर किए गए सामानों को ब्लिंकिट द्वारा हवाई अड्डे के अंदर बोर्डिंग गेट, लाउंज, फूड कोर्ट और कुछ चुनिंदा सेंटरों पर सीधे यात्रियों को डिलीवर किया जाएगा। अडाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के एक प्रवक्ता ने कहा, "टर्मिनल के अंदर ऐप बेस्ड क्विक कॉमर्स डिलीवरी सुविधा मिलने से यात्री अपने समय का बेहतर इस्तेमाल कर सकेंगे और इससे सेवाओं के समग्र स्तर में भी सुधार होगा। ये कदम हवाई अड्डों को यात्रियों की जरूरतों के प्रति ज्यादा संवेदनशील और केंद्रित बनाने की दिशा में एक पहल है।"
ब्लिंकिट से कई तरह के सामान ऑर्डर कर सकते हैं यात्री
इस सर्विस के दायरे में यात्रा से जुड़े सामान, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, खाने-पीने की चीजें, किताबें, बच्चों की देखभाल से जुड़े सामान और व्यक्तिगत जरूरत की अन्य चीजें शामिल हैं। सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए, तरल पदार्थ जैसे कि पैक किया हुआ पानी और ठंडे पेय पदार्थ हवाई अड्डे के अंदर ही स्वीकृत भंडार से उपलब्ध कराए जाएंगे। ब्लिंकिट के लिए ये पहल क्विक कॉमर्स सर्विस को एक ऐसे व्यस्त स्थान तक ले जाने की कोशिश है जहां उपभोक्ताओं की मांग और जरूरत ज्यादा रहती है और अकसर जल्दबाजी में लोग जरूरी सामान लाना भूल जाते हैं। इससे ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार और नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
Latest Business News