प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 28 मार्च को दिल्ली से सटे जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। यूपी सरकार ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। बयान के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा पहले की गई समीक्षा के बाद सभी विभाग अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। बयान में बताया गया है कि प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी के साथ ये सुनिश्चित किया जा रहा है कि ये ऐतिहासिक उद्घाटन कार्यक्रम पूरी तरह सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हो।
योगी आदित्यनाथ खुद ले रहे हैं सभी व्यवस्थाओं की जानकारी
राज्य सरकार के बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद कार्यक्रम की तमाम व्यवस्थाओं की निरंतर जानकारी ले रहे हैं और हाल ही में उन्होंने एयरपोर्ट का निरीक्षण कर सभी तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मार्ग संचालन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, 'साइनेज' और 'पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम' सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और आगमन-प्रस्थान मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जा चुका है, वहीं यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
राज्य को मिलेगा 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट
अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है और कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि वीवीआईपी, जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, अधिकारियों और आमजन की संभावित बड़ी संख्या को देखते हुए साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। बताते चलें कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, प्रदेश का 5वां इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा। राज्य में अभी 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं। इनमें राजधानी लखनऊ का चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वाराणसी का लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या का महाऋषि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं।
Latest Business News