1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. घर खरीदने के लिए ये है देश का सबसे किफायती शहर, EMI में जाता है कमाई का सिर्फ इतना हिस्सा

घर खरीदने के लिए ये है देश का सबसे किफायती शहर, EMI में जाता है कमाई का सिर्फ इतना हिस्सा

सबसे किफायती हाउसिंग मार्केट का कैलकुलेशन ईएमआई/इनकम रेशो की मदद से किया जाता है। ईएमआई/इनकम रेशो के जरिए ये मालूम चलता है कि एक परिवार को कितनी मंथली इनकम पर कितना ईएमआई देना पड़ रहा है।

real estate, property news, delhi, delhi-ncr, mumbai, ahmedabad, pune, kolkata, hyderabad, most affo- India TV Hindi
Image Source : LODHA कैसे होता है सबसे किफायती हाउसिंग मार्केट का कैलकुलेशन

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) इस साल रेपो रेट में 1.00 प्रतिशत की कटौती कर चुका है। रेपो रेट में कटौती किए जाने से होम लोन भी 1 प्रतिशत सस्ता हो गया है, जिससे देश के करोड़ों लोगों को काफी राहत मिली है। होम लोन सस्ता होने से अब लोगों को ब्याज के रूप में कम पैसे चुकाने पड़ रहे हैं और उनकी ईएमआई कम हो गई है। नाइट फ्रैंक इंडिया की एक ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि रेपो रेट में कटौती की वजह से साल 2025 के शुरुआती 6 महीनों में भारत के 8 प्रमुख शहरों में से 7 शहरों में घर खरीदने के सामर्थ्य में सुधार हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, गुजरात का अहमदाबाद शहर, देश के 8 प्रमुख शहरों में सबसे किफायती हाउसिंग मार्केट है।

कैसे होता है सबसे किफायती हाउसिंग मार्केट का कैलकुलेशन

सबसे किफायती हाउसिंग मार्केट का कैलकुलेशन ईएमआई/इनकम रेशो की मदद से किया जाता है। ईएमआई/इनकम रेशो के जरिए ये मालूम चलता है कि एक परिवार को कितनी मंथली इनकम पर कितना ईएमआई देना पड़ रहा है। उदाहरण के लिए, अगर किसी शहर में ये रेशो 40% आता है, तो इसका मतलब है कि उस शहर के परिवारों को अपनी मंथली इनकम का 40% हिस्सा घर की EMI के लिए अलग रखना होगा। इंडेक्स के अनुसार, 50% से ज्यादा EMI/इनकम रेशो को वहनीय नहीं माना जाता है।

कहां है देश का सबसे महंगा हाउसिंग मार्केट

ईएमआई/इनकम रेशो के आधार पर अहमदाबाद, देश का सबसे किफायती शहर है। साल 2025 के पहले 6 महीनों में अहमदाबाद का ईएमआई/इनकम रेशो 18 प्रतिशत है। यानी अहमदाबाद में एक परिवार को अपनी मंथली इनकम का सिर्फ 18 प्रतिशत ही घर की ईएमआई के लिए देना होता है। इस मामले में मुंबई, देश का सबसे महंगा शहर है। मुंबई का ईएमआई/इनकम रेशो सबसे ज्यादा 48 प्रतिशत है। इनके अलावा पुणे का ईएमआई/इनकम रेशो 22 प्रतिशत, कोलकाता का 23 प्रतिशत, दिल्ली-एनसीआर का 28 प्रतिशत और हैदराबाद का 30 प्रतिशत है।

Latest Business News