1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. गुरुग्राम में हीरो-होंडा चौक से रामपुरा तक 10 किमी लंबा फ्लाईओवर बनाने की प्लानिंग, जाम से मिलेगी राहत

गुरुग्राम में हीरो-होंडा चौक से रामपुरा तक 10 किमी लंबा फ्लाईओवर बनाने की प्लानिंग, जाम से मिलेगी राहत

दिल्ली-जयपुर हाईवे के रास्ते, दिल्ली और जयपुर के बीच रोजाना 1 लाख से ज्यादा गाड़ियां गुजरती हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे के बनने के बाद इस क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या में सुधार देखने को मिला था।

gurugram, delhi ncr, gurugram traffic, hero honda chowk, rampura chowk, rampura flyover, delhi-jaipu- India TV Hindi
Image Source : PTI दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजरती हैं रोजाना 1 लाख गाड़ियां (सांकेतिक तस्वीर)

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में भारी ट्रैफिक की समस्या पर लगाम कसने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित हीरो-होंडा चौक से रामपुरा तक फ्लाईओवर बनाने की योजना पर काम चल रहा है। इस फ्लाईओवर की लंबाई 10 किमी होगी, जिसे NHAI बनाएगा। ऐसा माना जा रहा है कि इस फ्लाईओवर के बनने से शहर को काफी हद तक जाम की समस्या से राहत मिल जाएगी। बताते चलें कि हीरो-होंडा चौक से लेकर रामपुरा फ्लाईओवर तक जबरदस्त ट्रैफिक होता है, जिसकी वजह से यहां रोजाना सुबह-शाम काफी दिक्कतें होती हैं।

नए फ्लाईओवर के लिए डीपीआर तैयार करने के आदेश

लाइव हिंदुस्तान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव की वजह से इस क्षेत्र में ट्रैफिक की स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है और 10 किमी की दूरी तय करने में आधे घंटे से भी ज्यादा समय लग जाता है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) के सीईओ पी.सी. मीणा ने NHAI के चेयरमैन संतोष यादव के साथ इस समस्या को लेकर चर्चा की थी। संतोष यादव ने हीरो-होंडा चौक से रामपुरा तक नए फ्लाईओवर के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए हैं। 

दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजरती हैं रोजाना 1 लाख गाड़ियां

दिल्ली-जयपुर हाईवे के रास्ते, दिल्ली और जयपुर के बीच रोजाना 1 लाख से ज्यादा गाड़ियां गुजरती हैं। द्वारका एक्सप्रेसवे के बनने के बाद इस क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या में सुधार देखने को मिला था। हालांकि, द्वारका एक्सप्रेसवे पर बिजवासन टोल प्लाजा खुलने के बाद एक बार फिर इस क्षेत्र में ट्रैफिक की समस्या बढ़ गई। दरअसल, बिजवासन टोल प्लाजा पर टोल बचाने के लिए ज्यादातर कमर्शियल गाड़ियां दिल्ली-जयपुर हाईवे का ही इस्तेमाल करते हैं। 

उमंग भारद्वाज चौक को हीरो-होंडा चौक से जोड़ने के लिए नया एलिविवेटेड रोड बनाने की भी तैयारी

बताते चलें कि हीरो-होंडा चौक से रामपुरा तक नया फ्लाईओवर बनाने के साथ ही, GMDA उमंग भारद्वाज चौक को हीरो-होंडा चौक से जोड़ने वाली सड़क को एलिवेटेड रोड बनाने वाली योजना पर भी काम कर रहा है। उमंग भारद्वाज चौक, गुरुग्राम-पटौदी रोड पर स्थित है। जबकि, हीरो-होंडा चौक, दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित है। गुरुग्राम के लिए ये एक बेहद महत्वपूर्ण सड़क है, जहां से बड़ी संख्या में वाहनों का आना-जाना होता है। इस एलिवेटेड रोड का डिजाइन तैयार कर लिया गया है और इसे गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के साथ शेयर किया है।

Latest Business News