1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. दुनिया का सबसे बड़ा शिप रीसाइक्लिंग देश बना भारत, 2025 में 35.4% हुई बाजार हिस्सेदारी

दुनिया का सबसे बड़ा शिप रीसाइक्लिंग देश बना भारत, 2025 में 35.4% हुई बाजार हिस्सेदारी

भारत में शिप रीसाइक्लिंग 2025 में बढ़कर 29.9 लाख टन हो गई, जो 2024 के 18.6 लाख टन से करीब 60 प्रतिशत ज्यादा है।

world's largest ship-recycling nation, ship-recycling, ship, Alang Ship Recycling Yard, Baltic and I- India TV Hindi
Image Source : PIXABAY दुनिया का सबसे बड़ा शिप रीसाइक्लिंग देश बना भारत

भारत पुराने शिप (पानी के जहाज) की रीसाइक्लिंग करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश बन गया है। ग्लोबल शिप रीसाइक्लिंग मार्केट में 2025 के दौरान भारत 35.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ दुनिया का सबसे बड़ा देश बनकर उभरा। साल 2024 में, भारत की बाजार हिस्सेदारी 30.1 प्रतिशत थी। सोमवार को एक बयान में ये जानकारी दी गई। पुराने, अनुपयोगी या सर्विस से हट चुके जहाजों को तोड़कर उनके हिस्सों को दोबारा इस्तेमाल में लाने की प्रक्रिया को शिप रीसाइक्लिंग कहा जाता है। 

भारत ने 2025 में की 29.9 लाख टन की शिप रीसाइक्लिंग

एक आधिकारिक बयान में 'संयुक्त राष्ट्र व्यापार एवं विकास सम्मेलन' (UNCTAD) की ताजा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया कि भारत में शिप रीसाइक्लिंग 2025 में बढ़कर 29.9 लाख टन हो गई, जो 2024 के 18.6 लाख टन से करीब 60 प्रतिशत ज्यादा है। बयान के अनुसार, इस उपलब्धि के साथ 'मैरीटाइम इंडिया विजन (MIV) 2030' के तहत भारत के दुनिया का टॉप शिप रीसाइक्लिंग नेशन बनने का लक्ष्य तय समय से पहले ही हासिल कर लिया गया है। 

शिप रीसाइक्लिंग के ग्लोबल हब के रूप में मजबूत हुई भारत की स्थिति

इस बड़े मौके पर केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा, "भारत का ग्लोबल लेवल पर टॉप शिप रीसाइक्लिंग देश के रूप में उभरना लगातार नीतियों में सुधार, इंडस्ट्री की कोशिशों और अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण और सुरक्षा मानकों के पालन का परिणाम है।" उन्होंने कहा कि इससे जिम्मेदार और टिकाऊ शिप रीसाइक्लिंग के ग्लोबल हब के रूप में भारत की स्थिति और मजबूत हुई है।

अलंग शिप रीसाइक्लिंग यार्ड की क्षमता बढ़ाकर दोगुना करने का लक्ष्य

भारत, अलंग शिप रीसाइक्लिंग यार्ड का विस्तार कर अपनी शिप रीसाइक्लिंग क्षमता को लगभग दोगुना यानी करीब 9 मिलियन लाइट डिस्प्लेसमेंट टन (LDT) करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, "गुजरात सरकार ने भविष्य की मांगों को पूरा करने, बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और ग्लोबल मार्केट में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाने के लिए एक व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया है।"

हर साल 600 जहाजों को रीसाइकल करने में सक्षम है भारत

बाल्टिक और इंटरनेशनल मैरीटाइम काउंसिल (BIMCO) के अनुसार, अगले दशक में दुनिया भर में 16,000 से ज्यादा जहाजों को रीसाइकल किए जाने की उम्मीद है। बयान में कहा गया है, "भारत अपनी शिप रीसाइक्लिंग क्षमता को बढ़ाते हुए हर साल लगभग 500 से 600 जहाजों को रीसाइकल करने की अच्छी स्थिति में है।"

ये भी पढ़ें-

चांदी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी, सोना भी एक झटके में ₹1700 हुआ महंगा- चेक करें आज के ताजा भाव

Latest Business News