भारत की सबसे लंबी दूरी की डोमेस्टिक फ्लाइट कौन सी है? जानें कितना लगता है समय और किराया
देश में सबसे लंबी दूरी वाली डोमेस्टिक फ्लाइट एयर इंडिया ऑपरेट करती है। इस रूट पर डायरेक्ट और कनेक्टिंग फ्लाइट के विकल्प मौजूद हैं।
देश में हवाई सफर का दायरा लगातार बढ़ रहा है, और इसी के साथ लंबी दूरी वाली घरेलू उड़ानों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत की सबसे लंबी डोमेस्टिक फ्लाइट कौन-सी है? यह फ्लाइट न सिर्फ समय के लिहाज़ से सबसे लंबी है, बल्कि किराए के मामले में भी कई यात्रियों के लिए रोमांचक जानकारी लेकर आती है। आइए जानें, इस सफर में कितना वक्त लगता है, किराया कितना है और इसे खास क्या बनाता है।
सबसे लंबी दूरी की डोमेस्टिक फ्लाइट
मौजूदा समय में दिल्ली से पोर्ट ब्लेयर के बीच की डायरेक्टर फ्लाइट को भारत की सबसे लंबी दूरी की डोमेस्टिक (घरेलू) फ्लाइट माना जाता है। इस रूट की दूरी लगभग 2,482 किलोमीटर है, जिसे तय करने में लगभग 3 घंटे 45 मिनट से लेकर 3 घंटे 55 मिनट तक का समय लगता है। यह फ्लाइट एयर इंडिया ऑपरेट करती है। यह उड़ान भारत की मुख्य भूमि को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से जोड़ती है। भारत का सबसे लंबा फ्लाइट रूट बड़े सांस्कृतिक केंद्र को जोड़ता है और एक बेमिसाल ट्रैवल एक्सपीरियंस देता है। डेटा बताते हैं कि एयर इंडिया ने बड़ी डोमेस्टिक कनेक्टिविटी शुरू करके इन रूट्स पर खुद को सबसे आगे रखा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस के साथ, आराम और समय की पाबंदी पर उनके जोर ने भारत में लंबी फ़्लाइट्स को एक नया मतलब दिया है।
कितना लगता है किराया?
एयर इंडिया की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पोर्ट ब्लेयर एयरपोर्ट के लिए 6 दिसंबर के तारीख के लिए इकोनॉमी कैटेगरी में शुरुआती किराया 26,900 रुपये है। हालांकि इससे आगे की तारीख में बिजनेस क्लास में किराया 71,977 रुपये है। यह सभी वनवे किराये दोनों शहरों के बीच डायरेक्ट फ्लाइट के लिए हैं। इसी तरह, अगर आप 20 जनवरी की तारीख में फ्लाइट टिकट लेते हैं तो आपको शुरुआती किराया 11,999 रुपये चुकाना होगा।
अन्य लंबी दूरी की डोमेस्टिक फ्लाइट्स
दिल्ली-पोर्ट ब्लेयर फ्लाइट के बाद कुछ अन्य डोमेस्टिक फ्लाइट्स भी हैं जो लंबी की कैटेगरी में शुमार हैं। इसमें दिल्ली से त्रिवेंद्रम, मुंबई से पोर्ट ब्लेयर, दिल्ली से कोच्चि, बैंगलुरु से गुवाहाटी सहित अन्य फ्लाइट्स शामिल हैं।
