1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. India-US Trade Deal: अगले दौर की बातचीत के लिए अगस्त में भारत आएगा अमेरिकी दल, जानें डिटेल्स

India-US Trade Deal: अगले दौर की बातचीत के लिए अगस्त में भारत आएगा अमेरिकी दल, जानें डिटेल्स

अमेरिकी प्रशासन ने भारत सहित कई देशों पर उच्च सीमा शुल्क लगाए हुए हैं, जिनकी निलंबन अवधि 1 अगस्त को खत्म होने वाली है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल 2 अप्रैल को उच्च जवाबी शुल्कों की घोषणा की थी।

India-US Trade Deal, trade deal, tariff, tariff war, donald trump- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK अमेरिका ने भारत के लिए 26% टैरिफ का किया था ऐलान

India-US Trade Deal: भारत के साथ प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर अगले दौर की बातचीत के लिए अमेरिकी दल अगस्त में भारत का दौरा करेगा। एक अधिकारी ने सोमवार को ये जानकारी दी। अधिकारी ने कहा, ‘‘अगले दौर की बातचीत के लिए अमेरिकी टीम अगस्त के उत्तरार्ध में भारत आएगी।’’ बताते चलें कि दोनों देश 1 अगस्त से पहले एक अंतरिम व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने की कोशिशों में लगे हुए हैं। भारत और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडलों ने पिछले हफ्ते वॉशिंगटन में समझौते के लिए पांचवें दौर की बातचीत पूरी की थी। भारत के मुख्य वार्ताकार और वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव राजेश अग्रवाल और अमेरिका के दक्षिण एवं पश्चिम एशिया क्षेत्र के सहायक व्यापार प्रतिनिधि ब्रेंडन लिंच ने इस वार्ता में अपने-अपने देशों के दल की अगुवाई की।

अमेरिका ने भारत के लिए 26% टैरिफ का किया था ऐलान

अमेरिकी प्रशासन ने भारत सहित कई देशों पर उच्च सीमा शुल्क लगाए हुए हैं, जिनकी निलंबन अवधि 1 अगस्त को खत्म होने वाली है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस साल 2 अप्रैल को उच्च जवाबी शुल्कों की घोषणा की थी। इस दौरान भारत पर 26 प्रतिशत का अतिरिक्त शुल्क लगाया गया था। हालांकि, कुछ दिन बाद ही इस शुल्क को 90 दिन के लिए यानी 9 जुलाई तक स्थगित कर दिया गया था। बाद में इसे 1 अगस्त तक टाल दिया गया। प्रस्तावित व्यापार समझौते पर पांचवें दौर की बातचीत में कृषि और वाहन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान गैर-बाजार अर्थव्यवस्थाओं और स्कोमेट (विशेष रसायन, जीव, सामग्री, उपकरण और प्रौद्योगिकी) से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई।

कृषि और डेयरी पर अमेरिका को ढील नहीं देना चाहता भारत

अधिकारी ने भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौता 1 अगस्त से पहले संपन्न होने की संभावना पर कहा कि इस बारे में बातचीत जारी है। दरअसल, भारत ने कृषि और डेयरी उत्पादों पर शुल्क रियायतों की अमेरिकी मांग को लेकर अपना रुख कड़ा कर लिया है। भारत ने अबतक किसी भी देश के साथ व्यापार समझौते में डेयरी क्षेत्र में कोई शुल्क रियायत नहीं दी है। कुछ किसान संघों ने सरकार से व्यापार समझौते में कृषि से संबंधित किसी भी मुद्दे को शामिल न करने का आग्रह किया है।

ये खबर अभी अपडेट हो रही है...

Latest Business News