A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. 94.88 रुपये प्रति डॉलर के अब तक के निचले स्तर पर बंद हुई भारतीय मुद्रा, एक्सपर्ट ने बताई वजह

94.88 रुपये प्रति डॉलर के अब तक के निचले स्तर पर बंद हुई भारतीय मुद्रा, एक्सपर्ट ने बताई वजह

पश्चिम एशिया में जारी संकट और इसके व्यापक संघर्ष में बदलने की आशंकाओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है।

indian rupee, rupee, indian currency, Interbank Foreign Exchange Market, dollar index, crude oil pri- India TV Hindi
Image Source : AFP मंगलवार को भी रुपये में दर्ज की गई थी 53 पैसे की गिरावट

बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे की गिरावट के साथ 94.88 प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड की बढ़ती कीमतों (जो करीब 115 डॉलर प्रति बैरल के आसपास मंडरा रही है) और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी से रुपये पर दबाव बना हुआ है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि कच्चा तेल इस बढ़ी हुई कीमत से भारत के आयात खर्च पर असर पड़ने की आशंका है।

पश्चिम एशिया में जारी संकट ने बढ़ाई निवेशकों की चिंता

इसके साथ ही, पश्चिम एशिया में जारी संकट और इसके व्यापक संघर्ष में बदलने की आशंकाओं ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई है। विश्लेषकों के अनुसार, निवेशक अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी नीतिगत फैसले का इंतजार कर रहे हैं। इसके अलावा, इस साल अब तक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की भारी बिकवाली ने भी निवेश धारणा को कमजोर किया है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.79 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान 94.88 के निचले स्तर तक गया। अंत में ये सर्वकालिक निचले स्तर 94.88 पर बंद हुआ।

मंगलवार को भी रुपये में दर्ज की गई थी 53 पैसे की गिरावट

मंगलवार को रुपया 53 पैसे की गिरावट के साथ 94.68 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। रुपये का सर्वकालिक निचला बंद स्तर 27 मार्च को 94.85 प्रति डॉलर दर्ज किया गया था। एलकेपी सिक्योरिटीज के जतिन त्रिवेदी ने कहा, "रुपये में कमजोरी का रुझान बना हुआ है और जब भी इसमें उछाल आता है, बिकवाली का दबाव बना रहता है। इससे ये ऊंचे स्तर पर टिक नहीं पाता। आने वाले समय में रुपये में उतार-चढ़ाव बना रहेगा और इसकी दिशा कच्चे तेल की कीमतों तथा पूंजी के प्रवाह पर निर्भर करेगी।" 

डॉलर इंडेक्स में तेजी

इस बीच, 6 प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.08 प्रतिशत बढ़कर 98.72 पर पहुंच गया। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव वायदा कारोबार में 3.13 प्रतिशत बढ़कर 114.74 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इस बीच, संयुक्त अरब अमीरात ने मंगलवार को कहा कि वो 1 मई से ओपेक से बाहर हो जाएगा, जो वैश्विक तेल समूह के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। 

Latest Business News