Indian Railways Holi Special Trains: भारतीय रेलवे ने होली के दौरान यात्रियों के लिए आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए 1410 से ज्यादा होली स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। रेल मंत्रालय ने बताया कि होली के लिए चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़कर 1500 तक भी हो सकती है। इन स्पेशल ट्रेनों का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करना और प्रमुख गंतव्यों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करना है। ये स्पेशल ट्रेनें इस साल मार्च में चलाई जाएंगी। बताते चलें कि भारतीय रेल ने पिछले साल, 2025 में होली के लिए कुल 1144 स्पेशल ट्रेनों के ट्रिप ऑपरेट किए थे।
पूर्व मध्य रेलवे चलाएगा सबसे ज्यादा 285 स्पेशल ट्रेनें
रेल मंत्रालय ने बताया कि अलग-अलग जोन के आधार पर, पूर्व मध्य रेलवे सबसे ज्यादा 285 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इसके बाद पश्चिम रेलवे द्वारा पश्चिमी रूटों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 231 ट्रेनें चलाने की योजना बनाई गई है। मध्य रेलवे द्वारा 209 होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जबकि दक्षिण मध्य रेलवे कुल 160 ट्रेनों का संचालन करेगा। इसके अलावा, उत्तर रेलवे द्वारा 108 और उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 71 होली स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना तैयार की गई है। कनेक्टिविटी को और ज्यादा मजबूत करते हुए, उत्तर मध्य रेलवे द्वारा 66 स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। वहीं, पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व तटीय रेलवे दोनों ही 62-62 ट्रेनें चलाएंगे।
पश्चिम रेलवे 47 तो पश्चिम मध्य रेलवे ने 43 स्पेशल ट्रेन चलाने की बनाई योजना
होली के मौके पर दक्षिण पश्चिम रेलवे द्वारा 47 ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा, जबकि पश्चिम मध्य रेलवे ने 43 स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। दक्षिण रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए 39 होली स्पेशल ट्रेनें और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे 15 स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। क्षेत्रीय मांग को पूरा करने के लिए कोंकण रेलवे ने 9 और पूर्वोत्तर सीमा रेलवे ने 2 होली स्पेशल ट्रेन चलाने की योजना बनाई है। रेल मंत्रालय ने कहा कि भारतीय रेल देश के सभी प्रमुख त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और कुशल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।
Latest Business News