1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. IndiGo को आखिर मिल गया नया CEO, ब्रिटिश एयरवेज के इस पूर्व हस्ती को किया नियुक्त

IndiGo को आखिर मिल गया नया CEO, ब्रिटिश एयरवेज के इस पूर्व हस्ती को किया नियुक्त

इंडिगो के नए सीईओ के तौर पर विलियम वॉल्श आगामी 3 अगस्त तक पद संभाल लेंगे। इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने कुछ दिनों पहले निजी कारणों से अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

इंडिगो के नए सीईओ विलियम वॉल्श।- India TV Hindi
Image Source : IATA AND ANI इंडिगो के नए सीईओ विलियम वॉल्श।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने मंगलवार को पूर्व ब्रिटिश एयरवेज प्रमुख विलियम वॉल्श को अपना नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी यानी CEO नियुक्त करने की घोषणा कर दी। उनकी नियुक्ति नियामकीय मंजूरियों के अधीन होगी। वॉल्श फिलहाल इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन यानी IATA के डायरेक्टर जनरल के पद पर कार्यरत हैं। इंडिगो के मुताबिक, वॉल्श का IATA में कार्यकाल 31 जुलाई को समाप्त होगा और वे 3 अगस्त तक नई भूमिका संभाल सकते हैं।

‘विली’ के नाम से भी जानें जाते हैं विलियम वॉल्श

यह घोषणा इंडिगो के मौजूदा CEO पीटर एल्बर्स के अचानक इस्तीफे के तीन सप्ताह से भी कम समय बाद आई है। विलियम वॉल्श, जिन्हें ‘विली’ के नाम से भी जाना जाता है, एयरलाइन उद्योग के अनुभवी लीडर हैं। वे पहले ब्रिटिश एयरवेज और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (IAG) के CEO रह चुके हैं। IAG एक होल्डिंग कंपनी है, जिसके तहत एर लिंगस, ब्रिटिश एयरवेज, इबेरिया, लेवल और वुएलिंग जैसी एयरलाइंस संचालित होती हैं। इंडिगो के प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया ने कहा कि कंपनी के बदलाव और विकास के नए चरण में प्रवेश करते समय विली का स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है। 

वे एक प्रतिष्ठित और अनुभवी एविएशन लीडर हैं, जिनके पास वैश्विक दृष्टिकोण, परिचालन विशेषज्ञता और ग्राहक-केंद्रित एयरलाइंस बनाने का व्यापक अनुभव है। उनका नेतृत्व इंडिगो को विकास के इस महत्वपूर्ण दौर में नई दिशा देगा।

पीटर एल्बर्स ने दे दिया था इस्तीफा

इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने कुछ दिनों पहले निजी कारणों का हवाला देते हुए इस्तीफ़ा दे दिया था। एयरलाइन ने उन्हें तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया था। यह घटनाक्रम तब सामने आया है, जब तीन महीने पहले बड़े पैमाने पर हुई परिचालन संबंधी गड़बड़ियों के कारण लोगों में भारी गुस्सा और नियामक कार्रवाई देखने को मिली थी। तब से नए सीईओ के पद संभालने तक सह-संस्थापक और प्रबंध निदेशक राहुल भाटिया, कामकाज को अंतरिम आधार पर तब तक संभाल रहे हैं। एल्बर्स का इस्तीफा अचानक आया। वह 6 सितंबर, 2022 से IndiGo के CEO के तौर पर कंपनी की कमान संभाल रहे थे। 

Latest Business News