A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने से उद्योग जगत में खुशी, पश्चिम बंगाल में विकास के नए दौर की उम्मीद

शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने से उद्योग जगत में खुशी, पश्चिम बंगाल में विकास के नए दौर की उम्मीद

उद्योग जगत के दिग्गजों ने शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी और राज्य में विकास के नए दौर की उम्मीद जताई।

Suvendu Adhikari, west bengal, west bengal cm, Industry, bengal Industry, west bengal industry- India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/NARENDRAMODI पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते हुए शुभेंदु अधिकारी

उद्योग जगत में शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बनने पर खुशी की लहर देखी जा रही है। उद्योग जगत के दिग्गजों ने शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी और राज्य में विकास के नए दौर की उम्मीद जताई। बताते चलें कि शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। अधिकारी, पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री बने हैं।

नए नेतृत्व में वृद्धि और समृद्धि के नए दौर का साक्षी बनेगा पश्चिम बंगाल

आईटीसी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर संजीव पुरी ने शुभेंदु अधिकारी और नवगठित मंत्रिपरिषद को शुभकामनाएं दीं। पुरी ने विश्वास जताया कि नए नेतृत्व में राज्य वृद्धि और समृद्धि के नए दौर का साक्षी बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का दृष्टिकोण राज्य की प्रगति के लिए प्रेरणा का काम करेगा। पुरी ने कहा, "कोलकाता हेडक्वार्टर वाले एक भारतीय ग्रुप के रूप में आईटीसी पिछले एक सदी से भी ज्यादा समय से राज्य के साथ जुड़ा हुआ है। कृषि, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में अपनी बढ़ती मौजूदगी के जरिए कंपनी राज्य के सामाजिक-आर्थिक विकास की यात्रा में साझेदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है।" 

पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक क्षण

इस मौके पर आरपीजी ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका ने इसे पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि राज्य को शुभेंदु अधिकारी से काफी उम्मीदें हैं। गोयनका ने कहा कि उनका पश्चिम बंगाल से भावनात्मक जुड़ाव है और वे राज्य के विकास में हरसंभव योगदान देने के लिए इच्छुक हैं।

बंगाल की प्रगति, समृद्धि, स्थिरता और नए विश्वास की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत

भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स (कोलकाता) के अध्यक्ष नरेश पचीसिया ने शपथ ग्रहण को सिर्फ संवैधानिक बदलाव नहीं बल्कि बंगाल की प्रगति, समृद्धि, स्थिरता और नए विश्वास की दिशा में एक नए अध्याय की शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि चुनावी जनादेश उन लाखों लोगों की आकांक्षाओं को दर्शाता है, जिन्होंने विकास, पारदर्शी शासन, औद्योगिक पुनरुत्थान, रोजगार सृजन और सामाजिक सौहार्द पर आधारित भविष्य में विश्वास जताया है।

Latest Business News