1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. मिडिल ईस्ट में जारी टेंशन से इंटरनेशनल फ्लाइट्स आज भी हो सकती हैं कैंसिल या रीशेड्यूल, एडवाइजरी जारी, जानें अपडेट

मिडिल ईस्ट में जारी टेंशन से इंटरनेशनल फ्लाइट्स आज भी हो सकती हैं कैंसिल या रीशेड्यूल, एडवाइजरी जारी, जानें अपडेट

भारतीय एयरलाइन कंपनियों ने मिडिल ईस्ट की टेंशन को देखते हुए यात्रियों की और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 2 मार्च तक UAE, सऊदी अरब, इज़राइल और कतर आने-जाने वाली सभी फ़्लाइट्स पर रोक लगा दी है।

एयरलाइन फ्लाइट कैंसिल होने पर रिफंड भी दे रही हैं। - India TV Hindi
Image Source : PIXABAY एयरलाइन फ्लाइट कैंसिल होने पर रिफंड भी दे रही हैं।

अमेरिका इजरायल और ईरान के बीच चल रहे घमासान के बीच भारत से उड़ान भरने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर सोमवार को भी असर हो सकता है। दिल्ली एयरपोर्ट ने इस संबंध में एडवाइजरी भी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि मध्य पूर्व में बदलते राजनीतिक हालात के चलते पश्चिम दिशा की ओर जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अभी भी बाधित हैं और उनके शेड्यूल में बदलाव किया जा रहा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की ताजा जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।

यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने का अनुरोध

दिल्ली एयरपोर्ट ने आगे कहा कि रीयल-टाइम फ्लाइट स्टेटस और अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.newdelhiairport.in पर विजिट करें। प्रबंधन ने इस अवधि के दौरान यात्रियों से धैर्य और सहयोग बनाए रखने का अनुरोध किया है। साथ ही, स्थिति से जुड़ी सही और प्रमाणित जानकारी के लिए केवल आधिकारिक संचार माध्यमों पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है। इससे पहले दिल्ली एयरपोर्ट ने यह भी कहा कि मुश्किल समय में, मदद के छोटे-छोटे काम भी फ़र्क ला सकते हैं। हम विदेश मंत्रालय की सलाह के साथ हैं और ज़रूरत के हिसाब से विदेशी नागरिकों को गाइड करने के लिए तैयार हैं।

एयर इंडिया ने लिया है ये फैसला

मिडिल ईस्ट में जारी हालात को देखते हुए, एयर इंडिया ने UAE, सऊदी अरब, इज़राइल और कतर आने-जाने वाली सभी फ़्लाइट्स पर रोक 2 मार्च 2026 को 2359 बजे IST तक बढ़ा दी है। साथ ही 2 मार्च 2026 को यूरोप जाने वाली कुछ चुनिंदा फ़्लाइट्स कैंसिल कर दी गई हैं, साथ ही इन फ़्लाइट्स के तय वापसी के रास्ते भी कैंसिल कर दिए गए हैं, जिनमें निम्न फ्लाइट्स शामिल हैं:

  • AI117: अमृतसर-बर्मिंघम
  • AI151/AI152: दिल्ली - ज्यूरिख
  • AI157/AI158: दिल्ली - कोपेनहेगन
  • AI114: बर्मिंघम - दिल्ली

इंडिगो ने दी है ये सुविधा

इंडिगो ने कहा है कि अगर आपकी बुकिंग या इस एयरस्पेस से गुज़रने वाली कोई फ़्लाइट प्रभावित होती है, तो बुकिंग और वेब चेक-इन के दौरान दी गई कॉन्टैक्ट डिटेल के ज़रिए सीधे अपडेट बताए जाएंगे। आप https://goindigo.in/plan-b.html के ज़रिए दूसरे ट्रैवल ऑप्शन भी देख सकते हैं या अपनी बुकिंग का रिफ़ंड क्लेम कर सकते हैं।

बीते रविवार को मौजूदा हालात में UAE एयरस्पेस के कुछ समय के लिए बंद होने की वजह से, स्पाइसजेट ने भारत और UAE के बीच चलने वाली सभी फ़्लाइट्स 01 मार्च 2026 तक कैंसिल कर दी थी। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी थी कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ़्लाइट का स्टेटस चेक कर लें।

अकासा एयर ने भी आज के लिए लिया है ये फैसला

अकासा एयर ने भी मिडिल ईस्ट में बदलते हालात को देखते हुए अबू धाबी, दोहा, जेद्दा, कुवैत और रियाद आने-जाने वाली फ़्लाइट्स 02 मार्च, 2026 तक रोक दी है। जिन यात्रियों की बुकिंग 07 मार्च, 2026 तक प्रभावित हुई है, वे बिना किसी एक्स्ट्रा चार्ज के पूरा रिफंड ले सकते हैं या अपनी यात्रा रीशेड्यूल कर सकते हैं। हमारी टीमें बुकिंग या वेब चेक इन के समय दिए गए कॉन्टैक्ट डिटेल्स का इस्तेमाल करके प्रभावित यात्रियों की मदद करने के लिए एक्टिवली संपर्क कर रही हैं।

Latest Business News