A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. नेपाल के लिए 'भारत गौरव' टूरिस्ट ट्रेन शुरू करने जा रहा है IRCTC, चेक करें किराया और बाकी सभी जरूरी डिटेल्स

नेपाल के लिए 'भारत गौरव' टूरिस्ट ट्रेन शुरू करने जा रहा है IRCTC, चेक करें किराया और बाकी सभी जरूरी डिटेल्स

नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा पर ले जाने वाले ये ट्रेन 9 रातों और 10 दिनों की यात्रा करेगी, जो नेपाल के कुछ सबसे लोकप्रिय आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर कराएगी।

IRCTC, Bharat Gaurav tourist train, Pashupatinath Nepal Darshan Tour, IRCTC Bharat Gaurav tourist tr- India TV Hindi
Image Source : NORTHERN RAILWAYS भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन

अगर आप नेपाल घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए एक बहुत अच्छी खबर आई है। जी हां, इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) नेपाल के लिए अपनी पहली 'भारत गौरव' टूरिस्ट ट्रेन शुरू करने जा रहा है। ये ट्रेन यात्रियों को पड़ोसी देश में एक खास आध्यात्मिक और दर्शनीय स्थलों की यात्रा का अनुभव देगी। ये खास "पशुपतिनाथ नेपाल दर्शन यात्रा" 12 जून को मध्य प्रदेश के इंदौर से रवाना होगी। बताते चलें कि ये भारत की सीमाओं के बाहर चलने वाली पहली 'भारत गौरव' ट्रेन होगी। इसे एक आम ट्रेन सेवा के बजाय एक गाइडेड टूरिज्म पैकेज के तौर पर डिजाइन किया गया है। आइए इस ट्रेन सर्विस के बारे में जानते हैं।

किन-किन जगहों पर जाएगी ट्रेन

  • काठमांडू
  • पशुपतिनाथ मंदिर
  • पोखरा
  • चितवन नेशनल पार्क
  • मनकामना मंदिर

कितने दिनों की होगी यात्रा

नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा पर ले जाने वाले ये ट्रेन 9 रातों और 10 दिनों की यात्रा करेगी, जो नेपाल के कुछ सबसे लोकप्रिय आध्यात्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर कराएगी। IRCTC के मुताबिक, इस टूर पैकेज में मनकामना मंदिर तक रोपवे की सवारी और चितवन नेशनल पार्क के अंदर जीप सफारी भी शामिल है।

किन स्टेशनों से मिलेगी ट्रेन

इंदौर से अपनी यात्रा शुरू करने वाली ये ट्रेन उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, भोपाल, इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना रुकते हुए जाएगी। यात्री इनमें से किसी भी स्टेशन से टिकट बुक कर अपनी यात्रा शुरू कर सकते हैं। इस डीलक्स AC टूरिस्ट ट्रेन में कुल 14 कोच होंगे, जिनमें फर्स्ट AC, सेकंड AC और थर्ड AC श्रेणी की सीटें उपलब्ध होंगी। IRCTC ने यात्रा के दौरान खाने-पीने की सुविधा के लिए ट्रेन में दो रेस्टोरेंट कोच की भी व्यवस्था की है, जहां आप अपने मनपसंद व्यंजनों का आनंद उठा सकते हैं।

कितना होगा किराया

  • थर्ड एसी कम्फर्ट- 62,710 रुपये प्रति व्यक्ति
  • सेकंड एसी डीलक्स- 76,550 रुपये प्रति व्यक्ति
  • फर्स्ट एसी सुपीरियर- 90,400 रुपये प्रति व्यक्ति

यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं

  • ट्रेन यात्रा
  • 3-स्टार होटलों में ठहरने की व्यवस्था
  • शाकाहारी भोजन
  • स्थानीय दर्शनीय स्थलों की सैर और AC बसों द्वारा आवागमन
  • यात्रा बीमा
  • टूर एस्कॉर्ट्स (गाइड)
  • हाउसकीपिंग और सुरक्षा सेवाएं

कैसे बुक होगी टिकट

भारत गौरव ट्रेन में अपनी सीट बुक करने के लिए आपको IRCTC के टूरिज्म वेबसाइट पर जाना होगा, जहां से आप ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।

Latest Business News