प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 28 मार्च को यूपी के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर दिया। ये एयरपोर्ट, दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में है। हालांकि, इस एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स शुरू होने में अभी 2 महीने यानी 60 दिनों तक का समय लग सकता है। केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स अगले 45 से 60 दिनों में शुरू हो जाएंगी। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि अभी हवाई अड्डे की सुरक्षा योजनाओं पर काम चल रहा है, जिसके बाद सभी औपचारिकताएं पूरी होने पर सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
उद्घाटन के बाद भी क्यों लगता है इतना समय
पीएम मोदी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन कर चुके हैं लेकिन यहां से कमर्शियल सर्विस शुरू होने में अभी समय लगेगा। दरअसल, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) की आखिरी मंजूरी मिलना बाकी है। जब तक एयरपोर्ट को ये मंजूरी नहीं मिल जाती, तब तक एयरलाइन कंपनियों अपने यात्रियों को बोर्डिंग पास जारी नहीं कर सकती हैं। इसके अलावा, एयरलाइन कंपनियों को अपने ऑपरेशन्स के लिए तय स्लॉट के हिसाब से सारी व्यवस्थाएं करनी हैं, ग्राउंड स्टाफ से लेकर शिफ्ट और बुकिंग के लिए वेबसाइट और ऐप पर भी सारा काम करना है। इन सभी व्यवस्थाओं के बाद एयरपोर्ट पर ट्रायल किया जाता है, ताकि सर्विस शुरू होने के बाद किसी बड़ी दिक्कत की वजह से सेवाएं और यात्री प्रभावित न हों।
किन शहरों के लिए शुरू होंगी सेवाएं
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सबसे पहले मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरू, हैदराबाद जैसे बड़े शहरों के लिए सेवाएं शुरू होने की उम्मीद है। जिसके बाद लखनऊ, अहमदाबाद, पुणे, गोवा, जयपुर, पटना, रांची जैसे शहरों के लिए भी सेवाएं शुरू हो जाएंगी। बुकिंग की बात करें तो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से पहली कमर्शियल फ्लाइट शुरू होने से लगभग 4-6 हफ्ते पहले बुकिंग शुरू होने की उम्मीद है।
Latest Business News