1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Yes Bank में 24.99% हिस्सेदारी के लिए जापान के SMBC को मिली CCI की मंजूरी, जानें लेटेस्ट अपडेट

Yes Bank में 24.99% हिस्सेदारी के लिए जापान के SMBC को मिली CCI की मंजूरी, जानें लेटेस्ट अपडेट

एसएमएफजी जापान का दूसरा सबसे बड़ा बैंकिंग ग्रुप है। इसकी दिसंबर, 2024 तक कुल संपत्ति 2000 अरब डॉलर थी।

yes bank, japan, smbc, smbc bank, Sumitomo Mitsui Financial Group, Sumitomo Mitsui banking corporati- India TV Hindi
Image Source : PTI यस बैंक में है कई बड़े बैंकों की हिस्सेदारी

भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) ने मंगलवार को जापान की सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (SMBC) के प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक में 24.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। एसएमबीसी, सुमितोमो मित्सुई फाइनेंशियल ग्रुप (एसएमएफजी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडरी कंपनी है। भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रस्तावित विलय सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन (एसएमबीसी) द्वारा यस बैंक की शेयर पूंजी और मतदान अधिकारों के अधिग्रहण से संबंधित है।’’ 

जापान का दूसरा सबसे बड़ा बैंकिंग ग्रुप है एसएमएफजी

एसएमएफजी जापान का दूसरा सबसे बड़ा बैंकिंग ग्रुप है। इसकी दिसंबर, 2024 तक कुल संपत्ति 2000 अरब डॉलर थी। प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘‘सीसीआई ने सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन द्वारा यस बैंक की कुछ शेयर पूंजी और मतदान अधिकारों के अधिग्रहण को मंजूरी दे दी है।’’ यस बैंक ने पिछले महीने घोषणा की थी कि आरबीआई ने एसएमबीसी को बैंक में 24.99 प्रतिशत तक हिस्सेदारी हासिल करने की मंजूरी दे दी है। आरबीआई ने स्पष्ट किया कि उक्त अधिग्रहण के बाद एसएमबीसी को बैंक का प्रोमोटर नहीं माना जाएगा। 

यस बैंक में है कई बड़े बैंकों की हिस्सेदारी

यस बैंक ने इससे पहले 9 मई, 2025 को SMBC द्वारा भारतीय स्टेट बैंक से 13.19 प्रतिशत हिस्सेदारी और 7 अन्य शेयरहोल्डरों से 6.81 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के साथ येस बैंक में 20 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने के प्रस्ताव के बारे में जानकारी दी थी। यस बैंक के अन्य प्रमुख शेयरहोल्डरों में एक्सिस बैंक, बंधन बैंक, फेडरल बैंक, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक जैसे बड़े नाम शामिल हैं। 

मंगलवार को हरे निशान में बंद हुए थे प्राइवेट बैंक के शेयर

मंगलवार को यस बैंक के शेयर बीएसई पर 0.01 रुपये (0.05%) की बढ़त के साथ 19.56 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। यस बैंक के शेयर अभी भी अपने 52 वीक हाई से काफी नीचे कारोबार कर रहे हैं। बीएसई पर यस बैंक के शेयरों का 52 वीक हाई 24.40 रुपये और 52 वीक लो 16.02 रुपये है। बीएसई के डेटा के मुताबिक, इस प्राइवेट बैंक का मौजूदा मार्केट कैप 61,358.80 करोड़ रुपये है। बताते चलें कि मंगलवार को भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे।

Latest Business News