1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. JK Tyre ने लॉन्च किया एडवांस्ड सेंसर वाला स्मार्ट टायर- एयर प्रेशर, टेम्पेरेचर और लीकेज की देगा जानकारी

JK Tyre ने लॉन्च किया एडवांस्ड सेंसर वाला स्मार्ट टायर- एयर प्रेशर, टेम्पेरेचर और लीकेज की देगा जानकारी

कंपनी ने बताया कि एम्बेडेड स्मार्ट टायरों को जेके टायर के सेल्स सेंटर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। शुरुआती चरण में ये टायर 14 से 17 इंच के साइज में आएंगे।

jk tyre, jk tyre smart tyres, jk tyre and industries, tyre industry, tyre sector, tyre companies- India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/CARANDBIKE 5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी कंपनी

गाड़ियों के लिए टायर बनाने वाली कंपनी जेके टायर एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सोमवार को भारत के पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट के लिए देश के पहले 'एम्बेडेड स्मार्ट’ टायर पेश किए। कंपनी के अनुसार, मध्य प्रदेश के बानमोर प्लांट में डिजाइन और डेवलप किए गए इन टायरों में टायर के अंदर एडवांस्ड सेंसर लगाए गए हैं। ये सेंसर लगातार एयर प्रेशर, टेम्पेरेचर और संभावित लीकेज जैसे महत्वपूर्ण मानकों की निगरानी करते हैं और ड्राइवर को तुरंत इसकी जानकारी उपलब्ध कराते हैं। इससे गाड़ी की सुरक्षा, प्रदर्शन और ईंधन दक्षता में शानदार सुधार होता है। 

जेके टायर की इनोवेशन जर्नी में मील का पत्थर

जेके टायर का कहना है कि ये तकनीकी उपलब्धि ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन इंडिया’ अभियानों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाती है। स्मार्ट टायर को लॉन्च करने के मौके पर कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. रघुपति सिंघानिया ने कहा, “एम्बेडेड स्मार्ट टायर को पेश करना जेके टायर की इनोवेशन जर्नी में एक मील का पत्थर है। हमारी मजबूत आरएंडडी और विनिर्माण क्षमताओं के बल पर हम भारत में मॉबिलिटी को और ज्यादा स्मार्ट, सुरक्षित और टिकाऊ बना रहे हैं।” 

5000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगी कंपनी

कंपनी ने बताया कि एम्बेडेड स्मार्ट टायरों को जेके टायर के सेल्स सेंटर के माध्यम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। शुरुआती चरण में ये टायर 14 से 17 इंच के साइज में आएंगे। डॉ. सिंघानिया ने पीटीआई के साथ बातचीत में कहा, “अगले पांच से छह सालों के लिए हम अब 5000 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की योजना बना रहे हैं, ताकि कार और ट्रक टायरों दोनों की क्षमता बढ़ाई जा सके। इसमें से कुछ यूनिट्स खासतौर पर सिर्फ एक्सपोर्ट के लिए होंगे।” 

कंपनी के कुल रेवेन्यू में एक्सपोर्ट की 14 प्रतिशत हिस्सेदारी

बताते चलें कि मौजूदा समय में जेके टायर के कुल रेवेन्यू में 14 प्रतिशत हिस्सेदारी एक्सपोर्ट की है। डॉ. रघुपति सिंघानिया ने कहा कि आने वाले सालों में वैश्विक बाजारों में भारत के लिए अच्छे मौके दिखाई दे रहे हैं और कंपनी इन मौकों का पूरा फायदा उठाना चाहती है।

Latest Business News