A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सिर्फ 1 घंटे में पूरा होगा दिल्ली से मेरठ का सफर, पीएम मोदी 22 फरवरी को करेंगे नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन

सिर्फ 1 घंटे में पूरा होगा दिल्ली से मेरठ का सफर, पीएम मोदी 22 फरवरी को करेंगे नमो भारत कॉरिडोर का उद्घाटन

82 किमी लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।

namo bharat, namo bharat rapid rail, namo bharat train, rapid rail, rrts, ncrtc, National Capital Re- India TV Hindi
Image Source : NCRTC 82 किमी लंबे रूट पर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, मुरादनगर जैसे कई प्रमुख स्टेशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 फरवरी को दिल्ली के सराय काले खां को मेरठ के मोदीपुरम से जोड़ने वाले 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के बाकी हिस्से का उद्घाटन करेंगे। दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच 5 किलोमीटर का सेक्शन और मेरठ दक्षिण से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर के सेक्शन का काम पूरा हो चुका है, जिसका उद्घाटन 22 फरवरी को निर्धारित है। इसके साथ ही, पीएम मोदी मेरठ मेट्रो को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि 23 किमी लंबे मेरठ मेट्रो के पहले फेज में 13 स्टेशन होंगे।

82 किमी लंबे रूट पर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, मुरादनगर जैसे कई प्रमुख स्टेशन

82 किमी लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, गुलधर, मुरादनगर, मोदीनगर साउथ, मोदीनगर नॉर्थ और मेरठ साउथ जैसे कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) की रीढ़ कहा जाने वाला ये कॉरिडोर कई प्रमुख हाउसिंग, कमर्शियल और इंडस्ट्रियल एरिया को जोड़ता है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने कहा कि कॉरिडोर का 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा पहले से ही चालू है और बाकी सेक्शन पूरा होने के करीब है। नमो भारत कॉरिडोर पर अभी 11 स्टेशनों के बीच सर्विस दी जा रही हैं। 22 फरवरी को पूरा कॉरिडोर शुरू होने के बाद दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ ही नहीं बल्कि फरीदाबाद, गुरुग्राम और नोएडा के लाखों लोगों को भी इससे काफी फायदा मिलेगा और उनकी यात्रा सुविधाजनक और आरामदायक बनेगी।

रियल एस्टेट गतिविधियों में जबरदस्त बढ़ोतरी

NCRTC ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नमो भारत रूट के साथ-साथ विशेष रूप से मेरठ, गाजियाबाद, मुरादनगर और मोदीनगर में रियल एस्टेट गतिविधियों में जबरदस्त बढ़ोतरी देखी गई है। स्टेशन के 2 किलोमीटर के दायरे में जमीनों की कीमतों में 2 साल में 30 से 67 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, जिसमें मेरठ में जमीन के रेट 8000-12,000 रुपये से बढ़कर 12,000-20,000 रुपये प्रति वर्ग गज हो गई हैं। एनसीआरटीसी के एक अधिकारी ने बताया कि बिल्डर्स ने कॉरिडोर के शुरु होने से पहले नए प्रोजेक्ट्स की घोषणा करके बढ़ती मांग का जवाब देना भी शुरू कर दिया है। 

Latest Business News