कोल इंडिया, टाटा स्टील, केनरा बैंक समेत इन कंपनियों के शेयर पर रखें नजर, Q3 रिजल्ट आया
टाटा स्टील का 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 43.4 प्रतिशत घटकर 295.49 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बताया कि आय घटने के कारण उसके शुद्ध लाभ में कमी हुई।

सोमवार को कई कंपनियों ने अपने Q3 रिजल्ट का ऐलान किया है। कई कंपनियों के मुनाफे में भारी गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, कुछ कंपनियों ने बेहतर नतीजे भी पेश किए हैं। कुछ कंपनियां फायदे के बाद नुकसान में पहुंच गई है। तिमाही नतीजे के कारण कई कंपनियों के शेयरों में कल हलचल देखने को मिलेगी। आइए जानते हैं कि कल किन कंपनियों के शेयर रिजल्ट के तहत सुर्खियों में रहेंगे।
अदाणी-टोटल गैस का लाभ 17 प्रतिशत गिरा
अदाणी समूह और फ्रांस की टोटलएनर्जीज के संयुक्त उद्यम अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) ने सोमवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 17 प्रतिशत घट गया। कंपनी ने बताया कि प्रशासित मूल्य तंत्र (एपीएम) के तहत सस्ती घरेलू गैस आपूर्ति में कटौती के चलते उसने अधिक मूल्य वाले ईंधन का इस्तेमाल किया। इस कारण उसके शुद्ध लाभ में कमी हुई। कंपनी ने बयान में कहा कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका शुद्ध लाभ 143 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पिछले साल की समान अवधि में 172 करोड़ रुपये था। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान सीएनजी खंड के लिए एपीएम गैस आपूर्ति ने मांग का केवल 47 प्रतिशत पूरा किया और शेष को अधिक मूल्य वाली गैस से पूरा किया गया।
पीरामल एंटरप्राइजेज को 39 करोड़ का मुनाफा
पीरामल एंटरप्राइजेज लिमिटेड (पीईएल) ने सोमवार को कहा कि उसने दिसंबर 2024 को समाप्त तीसरी तिमाही में 39 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है। इस विविधकृत गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 2,378 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज किया था। तिमाही नतीजों की घोषणा करते हुए पीरामल एंटरप्राइजेज ने यह भी कहा कि पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी पीरामल कैपिटल एंड हाउसिंग फाइनेंस (पीसीएचएफएल) के साथ विलय को लेकर भारतीय रिजर्व बैंक ने 23 दिसंबर, 2024 को एक पत्र में पीसीएचएफएल का नाम बदलकर पीरामल फाइनेंस करने की मंजूरी दे दी है।
कोल इंडिया का मुनाफा 17 प्रतिशत घटा
सरकारी कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड का 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 17.4 प्रतिशत घटकर 8,491.22 करोड़ रुपये रह गया है। कंपनी ने कहा कि कम बिक्री के चलते उसके मुनाफे में गिरावट आई है। कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी ने 10,291.71 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कंपनी ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही के दौरान उसकी बिक्री सालाना आधार पर 33,011.11 करोड़ रुपये से घटकर 32,358.98 करोड़ रुपये रह गई। कोयला क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी का कुल खर्च चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान बढ़कर 26,201.55 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 25,132.87 करोड़ रुपये था।
टाटा स्टील का लाभ घटकर 295 करोड़ पर
टाटा स्टील का 31 दिसंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 43.4 प्रतिशत घटकर 295.49 करोड़ रुपये रह गया। कंपनी ने बताया कि आय घटने के कारण उसके शुद्ध लाभ में कमी हुई। टाटा स्टील ने एक साल पहले की समान अवधि में 522.14 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ दर्ज किया था। कंपनी ने शेयर बाजार को बताया कि अक्टूबर-दिसंबर, 2024 में उसकी एकीकृत आय सालाना आधार पर 55,539.77 करोड़ रुपये से घटकर 53,869.33 करोड़ रुपये रह गई।
केनरा बैंक का मुनाफा बढ़कर 4,104 करोड़ पर
सार्वजनिक क्षेत्र के केनरा बैंक का एकल शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2024-25 की तीसरी तिमाही में 12.25 प्रतिशत बढ़कर 4,104 करोड़ रुपये रहा है। बैंक का गत वित्त वर्ष 2023-24 की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में मुनाफा 3,656 करोड़ रुपये रहा था। केनरा बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि चालू वित्त वर्ष की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसकी कुल आय 11.7 प्रतिशत बढ़कर 36,114 करोड़ रुपये हो गई, जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि में 32,334 करोड़ रुपये थी।
इमामी का मुनाफा सात प्रतिशत बढ़ा
रोजमर्रा के उपभोग का सामान बनाने वाली प्रमुख घरेलू कंपनी इमामी लिमिटेड का दिसंबर, 2024 को समाप्त चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही का शुद्ध लाभ 7.03 प्रतिशत बढ़कर 278.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। मुख्य कारोबार में मात्रा में वृद्धि से कंपनी का मुनाफा बढ़ा है। इमामी ने शेयर बाजारों को यह जानकारी दी।