बजट से पहले फरवरी की पहली तारीख को आज (रविवार) एलपीजी सिलेंडर के उपभोक्ताओं को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों-इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिन्दुस्तान पेट्रोलियम ने झटका दे दिया है। कॉमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम में 50 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है। हालांकि, घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इंडियन ऑयल की ऑफिशियल वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 1 फरवरी से 1740.50 रुपये में मिल रहा है। इसी तरह, मुंबई में इस सिलेंडर की कीमत बढ़कर 1692 रुपये हो गई है। कोलकाता में इस सिलेंडर की कीमत अब 1844.50 रुपये हो गई है, वहीं चेन्नई में 1899.50 रुपये में उपलब्ध है।
हर महीने की 1 तारीख को समीक्षा
पेट्रोलियम मार्केटिंग से जुड़ी सरकारी कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को एलपीजी सिलेंडरों के दामों की समीक्षा करती हैं। इससे पहले जनवरी महीने में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, बीते साल नवंबर और दिसंबर में इन सिलेंडरों के दामों में क्रमशः पांच और दस रुपये की कटौती की गई थी।
ATF के दामों में कटौती
1 फरवरी 2026 से विमान ईंधन यानी एटीएफ की कीमतों में कमी की गई है। राजधानी दिल्ली में एक किलोलीटर एटीएफ की कीमत घटकर 778.85 डॉलर हो गई है, जो पहले 791.48 डॉलर थी। रुपये में देखें तो अब 1,000 लीटर एटीएफ के लिए 91,393.39 रुपये चुकाने होंगे, जबकि पहले इसकी कीमत 92,323.02 रुपये थी। कोलकाता में एटीएफ का भाव घटकर 817.19 डॉलर या 94,445.62 रुपये प्रति किलोलीटर हो गया है। वहीं मुंबई में इसकी कीमत 778.56 डॉलर या 85,474.63 रुपये और चेन्नई में 774.26 डॉलर या 94,781.99 रुपये प्रति किलोलीटर तय की गई है।
बजट के दिन एलपीजी सिलेंडर के दामों का कैसा रहा रुझान
इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में बजट के दिन घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया। हालांकि, इस दौरान कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दामों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। साल 2022 में बजट डे यानी 1 फरवरी को कॉमर्शियल सिलेंडर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली थी। उस दिन दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 91.50 रुपये सस्ता हुआ था। वहीं कोलकाता में 89 रुपये, मुंबई में 91.50 रुपये और चेन्नई में 91 रुपये की कटौती की गई थी।
फिर 2023 में बजट के दिन न तो घरेलू और न ही कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव हुआ। वहीं 2024 के बजट डे पर घरेलू सिलेंडर के उपभोक्ताओं को तो कोई असर नहीं पड़ा, लेकिन कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई, जिससे उपभोक्ताओं को करीब 18 रुपये तक का झटका लगा।
Latest Business News