देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने बुधवार को कहा कि उसने उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के साथ साझेदारी की है, ताकि ऑटोमोबाइल निर्माण और मोबिलिटी सेक्टर में तकनीक आधारित समाधान विकसित करने वाले स्टार्टअप्स को बढ़ावा और समर्थन दिया जा सके। पीटीआई की खबर के मुताबिक, कंपनी ने बयान में बताया कि DPIIT द्वारा 'स्टार्टअप इंडिया' पहल के तहत मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स को मारुति सुजुकी के इनोवेशन प्रोग्राम्स में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
स्टार्टअप्स को क्या मिलेगा?
मारुति सुजुकी के मुताबिक, चयनित स्टार्टअप्स को कई फायदे मिलेंगे। खबर के मुताबिक, विशेषज्ञों से मेंटरशिप और इंडस्ट्री इनसाइट्स, कंपनी के व्यापक नेटवर्क और इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच, रीयल-टाइम टेस्टिंग और वेलिडेशन का मौका, इनक्यूबेटर्स, एक्सेलरेटर्स और इनवेस्टर्स से जुड़ने का प्लेटफॉर्म उपलब्ध मिल सकेगा।
संभावनाशील स्टार्टअप्स को सपोर्ट करने में आएगी तेजी
मारुति सुजुकी इंडिया के कॉर्पोरेट अफेयर्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर राहुल भारती ने कहा, DPIIT के साथ इस साझेदारी के माध्यम से हम संभावनाशील स्टार्टअप्स को सपोर्ट करने की दिशा में अपने प्रयासों को और तेज कर पाएंगे, ताकि वे ऑटोमोबाइल निर्माण और मोबिलिटी के क्षेत्र में तकनीक-आधारित समाधान विकसित कर सकें।
वहीं, DPIIT के संयुक्त सचिव संजीव ने कहा कि, यह समझौता (MoU) एक मजबूत प्लेटफॉर्म बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां स्टार्टअप्स अपने आइडियाज को मार्केट-रेडी समाधान में बदल पाएंगे और भारत को अगली पीढ़ी की औद्योगिक इनोवेशन में अग्रणी बनाएंगे। यह भागीदारी भारतीय ऑटो सेक्टर में नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
जून में कंपनी की बिक्री
मारुति सुजुकी इंडिया (एमएसआई) की कुल बिक्री बीत जून महीने में सालाना आधार पर छह प्रतिशत घटकर 1,67,993 यूनिट दर्ज की गई थी। देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी ने बीते साल जून में कुल 1,79,228 वाहन बेचे थे। डीलर को भेजे गये कुल घरेलू यात्री वाहन पिछले महीने 13 प्रतिशत घटकर 1,18,906 यूनिट रहे, जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह आंकड़ा 1,37,160 यूनिट था।
Latest Business News