1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. Bullet Train: पटरियों पर दौड़ेंगी नई जनरेशन की E10 शिंकानसेन ट्रेनें, जानें स्पीड और फीचर्स

Bullet Train: पटरियों पर दौड़ेंगी नई जनरेशन की E10 शिंकानसेन ट्रेनें, जानें स्पीड और फीचर्स

E10 बुलेट ट्रेन, E5 की तुलना में सुविधा, सुरक्षा और टेक्नोलॉजी के मामले में बड़ा सुधार है, जो यात्रियों को शानदार अनुभव देने वाली आधुनिक सुविधाएं हैं।

Bullet Train Project, Bullet Train, Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Project, ahmedabad-mumbai bullet t- India TV Hindi
Image Source : HITACHI नई जनरेशन की एडवांस्ड टेक्नोलॉजी से लैस होगी E10 ट्रेन (सांकेतिक तस्वीर)

रेल मंत्रालय ने सोमवार को मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट से जुड़े कुछ बड़े अपडेट्स शेयर किए थे। मंत्रालय ने बताया कि जापान सरकार ने 508 किलोमीटर लंबे इस प्रोजेक्ट में E10 शिंकानसेन ट्रेनों को शामिल करने पर सहमति जताई है। सरकारी जानकारी के अनुसार, जापानी शिंकानसेन टेक्नोलॉजी से ऑपरेट की जाने वाली बुलेट ट्रेन अभी E5 सीरीज की है और E10 नई जनरेशन की ट्रेन होगी। रेल मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत और जापान के बीच रणनीतिक साझेदारी के तहत जापान सरकार ने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में E10 शिंकानसेन ट्रेनें शामिल करने पर सहमति दी है। खास बात ये है कि E10 ट्रेनें भारत और जापान में एक साथ शुरू की जाएंगी।’’

नई जनरेशन की एडवांस्ड टेक्नोलॉजी से लैस होगी E10 ट्रेन

जापान की E10 बुलेट ट्रेनें बिल्कुल नई और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी से लैस होंगी। इस नई टेक्नोलॉजी वाली ट्रेन की कमर्शियल मोड में टॉप ऑपरेशनल स्पीड 320 किमी प्रति घंटा होगी। जबकि, इसकी टेस्टिंग स्पीड 400 किमी प्रति घंटा तक है। भारत में बुलेट ट्रेन को 320 किमी प्रति घंटा की स्पीड से चलाने का प्लान है। बताते चलें कि ये ट्रेन भूकंप रोधी तकनीक से लैस होगी। इसके L आकार के गाइड्स और लैटरल डैम्पर्स ट्रैन को डिरेल होने से बचाते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, E10 बुलेट ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम में सुधार किया जा रहा है, जिससे इसके इमरजेंसी स्टॉपिंग डिस्टेंस में 15% की कमी आ जाएगी।

पटरियों पर कब तक उतरेगी E10 बुलेट ट्रेन

E10 बुलेट ट्रेन, E5 की तुलना में सुविधा, सुरक्षा और टेक्नोलॉजी के मामले में बड़ा सुधार है, जो यात्रियों को शानदार अनुभव देने वाली आधुनिक सुविधाएं हैं। इस ट्रेन में बढ़े हुई लेगरूम और प्राइवेसी डिवाइडर्स के साथ 2+2 सीट कॉन्फिगरेशन होगा। प्रत्येक सीट पर USB पावर आउटलेट के साथ वाई-फाई की भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। E10 बुलेट ट्रेन का प्रोटोटाइप अक्टूबर 2027 तक तैयार हो जाएगा। जिसके बाद 2027 से 2029 के बीच इसका ट्रायल रन किया जाएगा। अंत में, 2030 में इसे कमर्शियल सर्विस के लिए जापान और भारत में एक साथ पटरियों पर उतारा जाएगा।

Latest Business News