SBI Home Loan: आज के समय में एक नौकरीपेशा आदमी के लिए लोन, उसकी जिंदगी का एक अहम हिस्सा बन चुका है। घर-परिवार छोड़कर बड़े शहरों में नौकरी करने वाले लोग घर खरीदने के लिए होम लोन का ही सहारा लेते हैं। होम लोन पाने के लिए आपको एक लंबे प्रोसेस से गुजरना पड़ता है, जिसमें आपको कई तरह के डॉक्यूमेंट्स भी देने होते हैं। कई बैंक होम लोन के लिए आपसे सैलरी स्लिप की डिमांड करते हैं और सैलरी स्लिप के बिना तो कई बैंक होम लोन ऐप्लिकेशन को सीधे रिजेक्ट कर देते हैं। हालांकि, देश का सबसे बड़ा सरकारी बैंक SBI बिना सैलरी स्लिप के भी होम लोन देता है। लेकिन, आपके पास अपनी इनकम दिखाने के लिए पर्याप्त प्रूफ होने चाहिए।
बैंक अकाउंट स्टेटमेंट से भी हो सकता है काम
अगर आपकी कंपनी सैलरी स्लिप नहीं देती है तो आपको टेंशन लेने की कोई जरूरत नहीं है। एसबीआई से आपको सैलरी स्लिप के बिना ही होम लोन मिल जाएगा। हालांकि, आपको अपनी इनकम का प्रूफ दिखाना होगा। आपको पिछले 6 महीने का बैंक अकाउंट स्टेटमेंट दिखाना होगा, जिसमें आपकी सैलरी आती है। बैंक अधिकारी आपके पिछले 12 महीने का भी अकाउंट स्टेटमेंट मांग सकते हैं। अगर आपका किसी भी बैंक से कोई पुराना लोन चल रहा है तो आपको पिछले 1 साल का लोन अकाउंट स्टेटमेंट भी दिखाना होगा।
आईटी रिटर्न फाइलिंग भी कर सकता है मदद
सैलरी स्लिप न होने जैसी परिस्थितियों में आप पिछले 2 सालों के फॉर्म 16 की कॉपी या आयकर विभाग द्वारा पुष्टि की गई पिछले 2 वित्तीय वर्षों के आईटी रिटर्न की कॉपी भी दे सकते हैं। अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा है तो होम लोन ऐप्लिकेशन पास होने की संभावनाएं और भी ज्यादा बढ़ जाएंगी। इसके अलावा, आप अपने नजदीकी एसबीआई ब्रांच भी जा सकते हैं, जहां आपको होम लोन से जुड़ी सारी जानकारी स्पष्ट रूप से मिल जाएंगी। ध्यान रहे कि होम लोन पाने के लिए सिर्फ सैलरी स्लिप या अकाउंट स्टेटमेंट होना ही जरूरी नहीं है। होम लोन पाने के लिए कई के नियम और शर्तों के साथ-साथ कई तरह के डॉक्यूमेंट्स होना भी बहुत जरूरी है।
Latest Business News