NHAI ने 2 हाईवे के मुद्रीकरण के लिए NHIT का ₹6221 करोड़ का प्रस्ताव स्वीकारा, चेक करें डिटेल्स
700 से ज्यादा निवेशकों के साथ, एनएचआईटी की यूनिट्स का मौजूदा मार्केट कैप लगभग 28,000 करोड़ रुपये है। एनएचआईटी की यूनिट्स भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश में फैले 310.35 किलोमीटर लंबे दो राष्ट्रीय राजमार्ग सेक्शन के परिसंपत्ति मुद्रीकरण के लिए 'राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट' (NHIT) के 6220.90 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। मुद्रीकृत परिसंपत्तियों में महाराष्ट्र में NH-53 का 255.97 किलोमीटर लंबा अमरावती-चिखली-तार्सोद सेक्शन और आंध्र प्रदेश में NH-16 का 54.38 किलोमीटर लंबा गुंडुगोलानु-चिन्ना-अवुतापल्ली सेक्शन शामिल हैं। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सोमवार को कहा, ''NHAI ने 2 राष्ट्रीय राजमार्ग खंडों के परिसंपत्ति मुद्रीकरण के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना न्यास का 6220.90 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकार किया है।''
28,000 करोड़ रुपये है NHIT की यूनिट्स का मौजूदा मार्केट कैप
प्राधिकरण के चेयरमैन संतोष कुमार यादव ने कहा, ''देश भर में राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क के आगे विकास के लिए वित्तीय पूंजी जुटाने में आईएनवीआईटी (अवसंरचना निवेश ट्रस्ट) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस ठेके के साथ एनएचआईटी के माध्यम से मुद्रीकृत कुल परिसंपत्तियां 49,858 करोड़ रुपये होंगी।'' राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा प्रायोजित एक INVIT, राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना ट्रस्ट ने अब तक सीपीपीआईबी, ओटीपीपी, ईपीएफओ, एनएचएआई और एसबीआई समूह जैसे प्रमुख निवेशकों से चार दौर में पूंजी जुटाई हैं। 700 से ज्यादा निवेशकों के साथ, एनएचआईटी की यूनिट्स का मौजूदा मार्केट कैप लगभग 28,000 करोड़ रुपये है। एनएचआईटी की यूनिट्स भारतीय शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों एनएसई और बीएसई पर लिस्ट हैं।
NHAI ने T-O-T और INVIT की मदद से जुटाया पैसा
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा मौजूदा परिसंपत्तियों के मूल्य को बढ़ाने और निजी क्षेत्र के निवेश को आकर्षित करने की कोशिशों में परिसंपत्ति मुद्रीकरण एक रणनीतिक उपकरण के रूप में उभरा है। टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर (टीओटी) और अवसंरचना निवेश ट्रस्ट (INVIT) जैसे मॉडलों का लाभ उठाकर, एनएचएआई ने सफलतापूर्वक धन जुटाया है। इस राशि को नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में पुनर्निवेश किया जा रहा है। चालू वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान मुद्रीकृत राष्ट्रीय राजमार्ग परिसंपत्तियों की कुल राशि लगभग 28,077 करोड़ रुपये है। राष्ट्रीय राजमार्ग संपत्तियों की गुणवत्ता एवं दीर्घावधि में वृद्धि के लिए यह दृष्टिकोण न केवल वित्तीय स्थिरता सुनिश्चित करता है बल्कि निजी क्षेत्र की कार्यकुशलता तथा उन्नत प्रौद्योगिकियों को भी शामिल करता है।
