A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. हड़ताल पर जाएंगे डिलीवरी बॉयज- Zomato, Swiggy, Blinkit, Zepto से नहीं आएगा सामान!

हड़ताल पर जाएंगे डिलीवरी बॉयज- Zomato, Swiggy, Blinkit, Zepto से नहीं आएगा सामान!

ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के लिए काम करने वाले गिग वर्कर्स (डिलीवरी बॉयज) पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में हड़ताल करने जा रहे हैं।

Zomato, Swiggy, Blinkit, Zepto, gig workers, gig workers strike, delivery boys, delivery boys strike- India TV Hindi
Image Source : ZOMATO बड़े शहरों में रहने वाले लोगों को हो सकती हैं दिक्कतें

अगर आप जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे ऑनलाइन डिलीवरी ऐप्स पर ज्यादा निर्भर रहने लग गए हैं, तो ये खबर आपको झटका दे सकती है। जी हां, शनिवार को जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट और जेप्टो से ऑर्डर नहीं मिलेंगे। दरअसल, इन ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के लिए काम करने वाले गिग वर्कर्स (डिलीवरी बॉयज) पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई बढ़ोतरी के विरोध में हड़ताल करने जा रहे हैं। गिग वर्कर्स की ये हड़ताल 5 घंटे तक चलेगी। इस दौरान गिग वर्कर्स शनिवार, 16 मई को दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक Zomato, Swiggy, Blinkit, Zepto के ऐप बंद रखेंगे।

बड़े शहरों में रहने वाले लोगों को हो सकती हैं दिक्कतें

ऐप बंद रखने की वजह से जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट और जेप्टो पर आने वाले आपके ऑर्डर्स डिलीवरी बॉयज को नहीं मिलेंगे और आज 5 घंटे तक ऐसा ही चलेगा। बताते चलें कि दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, बेंगलुरू, मुंबई, पुणे जैसे तमाम बड़े शहरों की एक बड़ी आबादी अपनी रोजमर्रा की जिंदगी के लिए जोमैटो, स्विगी, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे ऐप्स पर काफी निर्भर रहती है। ऐसे में, गिग वर्कर्स द्वारा की जाने वाली ये हड़ताल आम लोगों को काफी प्रभावित कर सकती है। हालांकि, आम लोगों के लिए राहत की बात ये है कि गिग वर्कर्स दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक हड़ताल कर रहे हैं और आमतौर पर इस समय बहुत ज्यादा ऑर्डर्स नहीं मिलते हैं। अगर गिग वर्कर्स यही हड़ताल सुबह या शाम के समय करते, तो इसका अच्छा-खासा प्रभाव देखने को मिल सकता था।

शुक्रवार से महंगा हुआ पेट्रोल और डीजल

बताते चलें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में शुक्रवार को 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बीते 4 सालों में पहली बार ये बढ़ोतरी हुई है। कच्चे तेल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की वजह से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने कीमतें बढ़ाई हैं। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.77 रुपये से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गई है। डीजल अब 87.67 रुपये के मुकाबले 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गया है। बताते चलें कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अप्रैल 2022 से ही किसी भी तरह का कोई बदलाव नहीं हुआ था।

Latest Business News