A
  1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. सिर्फ 20 रुपये में मिलेगी चादर, स्लीपर क्लास में भी बेडरोल की सुविधा शुरू करने जा रहा है रेलवे- जानें डिटेल्स

सिर्फ 20 रुपये में मिलेगी चादर, स्लीपर क्लास में भी बेडरोल की सुविधा शुरू करने जा रहा है रेलवे- जानें डिटेल्स

1 जनवरी, 2026 से स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्रियों को साफ-सुथरे सैनिटाइज्ड चादर और तकिये की सुविधा दी जाएगी।

indian railways, bedroll, bedroll in sleeper class, bedroll price in trains, indian railways bedroll- India TV Hindi
Image Source : HTTPS://X.COM/DRMCHENNAI स्लीपर क्लास में चादर और तकिये के लिए कितने रुपये देने होंगे

भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ा फैसला किया है। रेल यात्रियों को अब स्लीपर क्लास में भी चादर और तकिये की सुविधा मिलेगी। दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 1 जनवरी, 2026 से स्लीपर क्लास में सफर करने वाले यात्रियों को साफ-सुथरे सैनिटाइज्ड चादर और तकिये की सुविधा दी जाएगी। इस सुविधा के लिए यात्रियों को अलग से पैसे चुकाने होंगे। यानी, जिन यात्रियों को चादर और तकिये की जरूरत है, वे पैसे देकर कोच अटेंडेंट से चादर और तकिये ले सकेंगे। बताते चलें कि भारत में ऐसा पहली बार होगा, जब यात्रियों को स्लीपर क्लास में भी चादर और तकिये की सुविधा मिलेगी। अभी तक, सिर्फ एसी क्लास में ही यात्रियों को बेडरोल दिया जाता है- जिसमें चादर, तकिया, कंबल और हैंडटावल होता है।

स्लीपर क्लास में चादर और तकिये के लिए कितने रुपये देने होंगे

एसी क्लास में बेडरोल के लिए यात्रियों को अलग से पैसे नहीं देने होते हैं, क्योंकि आपकी टिकट में ही बेडरोल का पैसा पहले ही जोड़कर ले लिया जाता है। दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन ने बताया कि एक चादर, एक तकिये और एक तकिये के कवर के लिए कुल 50 रुपये लगेंगे। अगर यात्रियों को सिर्फ चादर चाहिए तो उन्हें 20 रुपये और सिर्फ कवर के साथ तकिया चाहिए तो 30 रुपये देने होंगे। बताते चलें कि ये सुविधा सभी ट्रेनों में नहीं मिलेगी। दरअसल, दक्षिण रेलवे के चेन्नई डिवीजन ने स्लीपर क्लास में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए इस सुविधा को शुरुआती चरण में केवल 10 ट्रेनों में शुरू करने की पहल की है। अगर ये सफल होता है तो इसे निश्चत रूप से बड़े पैमाने पर बढ़ाया जा सकता है।

अभी किन ट्रेनों में मिलेगी सुविधा

  • ट्रेन नंबर- 12671/12672, नीलगिरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 12685/12686, मैंगलोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 16179/16180, मन्नारगुड़ी एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 20605/20606, तिरुचेंदुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 22651/22652, पालघाट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 20681/20682, सिलंबु सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 22657/22658, तांबरम-नागरकोइल सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 12695/12696, त्रिवेंद्रम सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 22639/22640, अल्लेप्पी सुपरफास्ट एक्सप्रेस
  • ट्रेन नंबर- 16159/16160, मैंगलोर एक्सप्रेस

Latest Business News