दिल्ली के लग्जरी होटलों में कमरों की डिमांड काफी ज्यादा बढ़ गई है। जबरदस्त डिमांड की वजह से लग्जरी होटल में कमरों के किराये में भी भारी उछाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली के कई प्रमुख होटलों में महत्वपूर्ण तारीखों के लिए या तो कमरे उपलब्ध नहीं हैं या फिर एक रात का किराया लाखों रुपये में मांगा जा रहा है। दिल्ली में आयोजित होने जा रहे बिक्स समिट की वजह से होटलों में कमरों की भारी डिमांड देखने को मिल रही है।
11-13 सितंबर के बीच जबरदस्त मांग
होटल बुकिंग प्लेटफॉर्म पर 11-13 सितंबर के लिए की गई पड़ताल में नई दिल्ली के होटल ताज महल और ताज पैलेस में कोई कमरा उपलब्ध नहीं दिखा, जबकि द ओबेरॉय इस दौरान कुछ हिस्सों के लिए पूरी तरह से बुक था। द लीला पैलेस भी इन तारीखों के लिए नई बुकिंग नहीं ले रहा है।
1 लाख रुपये के पार पहुंचा आईटीसी मौर्या और शांगरी-ला इरोज का किराया
आईटीसी मौर्या और शांगरी-ला इरोज जैसे होटलों में जो कमरे उपलब्ध थे, उनके लिए 1-1 लाख रुपये से भी ज्यादा किराया मांगा जा रहा था, जो 12-13 सितंबर के ब्रिक्स समिट के आसपास राजधानी में ठहरने के लिए प्रीमियम मांग को दर्शाता है। इस 2 दिनों के आयोजन की वजह से होटल के लिए कई दिनों की मांग पैदा हो रही है, क्योंकि दुनियाभर के डेलीगेट और अन्य विजिटर समिट से पहले दिल्ली पहुंच रहे हैं और अपने स्टे को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे सेंट्रल दिल्ली में कमरों की उपलब्धता पर काफी दबाव पड़ रहा है।
टूरिस्ट्स और कारोबारियों पर भी पड़ सकता है असर
ब्रिक्स समिट की वजह से होटलों के किराये में आए भारी उछाल का सीधा असर उन लोगों पर भी पड़ सकता है, जो पहले से ही घूमने, कारोबार आदि के लिए दिल्ली के होटलों में बुकिंग करने वाले हैं। ऐसे में दिल्ली आने वाले टूरिस्ट्स, कारोबारियों और अन्य लोगों को भी होटल में ठहरने के लिए काफी ज्यादा किराया चुकाना पड़ सकता है।
एवरेज रूम के किराये में 25 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी
ब्रिक्स समिट ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय होटल इंडस्ट्री पश्चिम एशिया संघर्ष समेत भू-राजनीतिक तनाव के बीच आयोजनों से जुड़ी यात्राओं और घरेलू मांग की ओर देख रहे हैं। रैडिसन होटल ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीओओ (दक्षिण एशिया) निखिल शर्मा ने बताया कि सितंबर में जबरदस्त स्पीड दिख रही है, हमारे पूरे पोर्टफोलियो में एवरेज रूम का किराया सालाना आधार पर 25 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ रहा है। दिल्ली में ब्रिक्स समिट बढ़ी हुई मांग में योगदान दे रहा है।''
निखिल शर्मा ने कहा कि समिट नजदीक आने तक मांग मजबूत बने रहने की उम्मीद है, क्योंकि कई यात्रियों द्वारा आयोजन की तारीखों के करीब अंतिम समय में बुकिंग करने की संभावना है।
PTI Inputs
ये भी पढ़ें
दिल्ली से इटावा, अलीगढ़ के रास्ते कानपुर के लिए चलेंगी 2 नई स्पेशल ट्रेनें, चेक करें पूरा रूट और टाइम टेबल
Latest Business News